लखनऊ: कठौता झील में उतराता मिला डायल-112 की महिलाकर्मी का शव, जानिए क्या बोली पुलिस
कमता निवासी युवक ने शव की शिनाख्त की, पुलिस कर रही पूछताछ

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के चिनहट के कठौता झील में रविवार को डायल-112 की महिलाकर्मी का शव उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमता के एक युवक ने शव की शिनाख्त की। पुलिस को युवती और युवक के मोबाइल से दोनों में बातचीत होने की जानकारी मिली है। पुलिस युवक से पूछताछ के साथ ही हर बिंदु पर जांच कर रही है।
राहगीरों ने रविवार सुबह कठौता झील में शव उतराता देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चिनहट पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच कमता निवासी प्रियांशु पहुंच गया। उसने युवती की पहचान प्रियंका के रूप में की। उसने बताया कि प्रियंका अन्य युवतियों के साथ चिनहट के गंगा बिहार कालोनी में रहती थी।वह सीतापुर के संदना की रहने वाली थी।
वह डायल-112 में काम करती थी। पुलिस ने गंगा बिहार कालोनी उसके कमरे में जाकर तलाशी लेने के अलावा साथ रहने वाली युवतियों से पूछताछ की। इसके बाद परिजन को सूचना दी। एसओ भरत पाठक के मुताबिक मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
संदेह के घेरे में युवक
एसओ के मुताबिक जानकारी की जा रही है कि अचानक प्रियांशु वहां कैसे पहुंच गया। उससे इस संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह सही जवाब नहीं दे सका। प्रियांशु ने बताया कि प्रियंका को 6-7 साल से जानता है। पुलिस दोनों के मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाल रही है। दोनों के बीच बातचीत होने की पुष्टि भी हुई है। पुलिस को कठौता झील के पास प्रियंका की चप्पले मिली हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिन्दुओं पर छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें:-पाखंड की कोई सीमा नहीं: कांग्रेस ने पॉडकास्ट को लेकर PM मोदी पर साधा निशाना, लगाया यह आरोप