बदायूं में जनसेवा केंद्र संचालक ने बनाया फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार सेंटर ने किया अस्वीकृत

बदायूं में जनसेवा केंद्र संचालक ने बनाया फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार सेंटर ने किया अस्वीकृत

म्याऊं, अमृत विचार: जनसेवा केंद्र संचालक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बना रहा था। इसका पता तब चला जब ग्रामीण बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के बाद आधार कार्ड बनवाने के लिए सेंटर पहुंचा। सेंटर संचालक ने प्रमाण पत्र फर्जी बताकर लौटा दिया। पीड़ित ने एक्स पर पोस्ट कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पोस्ट का संज्ञान लेते हुए अधिकारी भी कार्रवाई की बात कह रहे है।

क्षेत्र के गांव भाऊ नगला निवास संजीत कुमार ने बताया कि वह पानीपत में प्राइवेट कंपनी में काम करते है। उसके बच्चे पानीपत में पढ़ रहे हैं। स्कूल से तीनों बच्चों के आधार कार्ड मांगे गए। वह बच्चों के लेकर कुछ दिन पहले गांव आए। यहां पता चला कि गांव लभारी में संचालित एक जनसेवा केंद्र पर जन्म प्रमाण पत्र बन रहे हैं। जनसेवा केंद्र पर पहुंचकर तीनों बच्चों के जन्म प्रमाण बनवाने की बात केंद्र संचालक से कही। इसकी फीस 650 रुपये दी। चार दिन बाद जनसेवा केंद्र संचालक ने सभी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दे दिए।

जन्म प्रमाण पत्रों को लेकर वह म्याऊं स्थिति आधार कार्ड सेंटर पर पहुंचे। यहां सेंटर संचालक ने तीनों प्रमाणपत्रों को फर्जी बताकर उन्हें वापस कर दिया। इस पर पीड़ित ने एक्स पर की है। शिकायत का अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। वह संचालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे है।

थाना अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि फर्जी जन्म प्रमाण बनाने संबंधित कोई लिखित शिकायत नहीं आई है।किसी ने एक्स पर पोस्ट किया है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। दातागंज एसडीएम ने बताया कि फर्जी प्रमाणपत्र बनाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बदायूं में विद्युत विभाग का कड़ा कदम, कई उपभोक्ताओं के काटे गए कनेक्शन