Lucknow: 700 करोड़ गृहकर वसूली के लक्ष्य से दूर नगर निगम, जानें कैसे करेगा भरपाई
4.72 लाख भवन स्वामियों से जमा कराये 445 करोड़

लखनऊ, अमृत विचार: वित्तीय वर्ष 2024-25 समाप्त होने में लगभग 10 दिन बचे हैं। नगर निगम 700 करोड़ रुपये के गृहकर वसूली के लक्ष्य से काफी पीछे है। पिछले वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने 19 मार्च 2024 तक 341 करोड़ रुपये गृहकर जमा कराया था वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 में इसी अवधि में नगर निगम 4.72 लाख भवन स्वामियों से लगभग 445 करोड़ रुपये गृहकर जमा करा चुका है। शेष 10 दिनों में नगर निगम लगभग 100 करोड़ रुपये और जमा करा सकता है। इसके लिए नगर निगम बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की व सीलिंग की कार्रवाई कर रहा है।
नगर निगम के रिकार्ड में कुल 7,18,243 भवन हैं। 19 मार्च तक लगभग 2.45 लाख भवन स्वामियों ने अपना बकाया गृहकर जमा नहीं किया है। 4.72 लाख भवन स्वामियों ने ही गृहकर जमा किया है। जबकि वित्तीय वर्ष 2023-24 से वर्तमान वित्तीय वर्ष में 68,344 भवन बढ़ गए हैं। इन भवन स्वामियों से वसूली के लिए नगर निगम बकाये का मैसेज भेजने के साथ वसूली का दबाव बना रहा है।
200 करोड़ बकाया मिल जाए तो बने बात
नगर निगम को छोटे और बड़े बकायेदारों से मिलाकर लगभग 200 करोड़ रुपये गृहकर मिलना है। इसके अलावा कई सरकारी विभागों से भी सर्विस चार्ज के तौर पर टैक्स मिलना है। यदि यह धनराशि मिल जाए तो नगर निगम आसानी से 700 करोड़ रुपये का लक्ष्य पूरा कर सकता है।
लगभग 2.45 लाख भवन स्वामियों ने गृहकर जमा नहीं किया है। नगर निगम को लगभग 200 करोड़ रुपये बकाया मिलना है। वित्तीय वर्ष में 10 दिन शेष हैं। नगर निगम लगभग 100 करोड़ रुपये गृहकर और वसूल सकता है।
अशोक सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, लखनऊ, नगर निगम