Bareilly: विकास के लिए 97 करोड़ का और बजट बढ़ा सकता है नगर निगम

पिछले साल 703 करोड़ का बजट मार्च में हुआ था पास

Bareilly: विकास के लिए 97 करोड़ का और बजट बढ़ा सकता है नगर निगम

बरेली, अमृत विचार। शहर के विकास के लिए नगर निगम इस बार 97 करोड़ का बजट और बढ़ा सकता है। इस बार 800 करोड़ का बजट पेश करने की संभावना है। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।

पिछले साल 12 मार्च को निगम की बैठक में 703 करोड़ का बजट पास हुआ था। इस बार होली की वजह से बजट बैठक करीब 10 दिन की देरी से होगी। अब होली के बाद 20 मार्च तक नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक कराने की योजना बनाई गई है। इसके बाद वार्षिक बजट की बैठक होगी।

निगम के सूत्रों के मुताबिक इस बार बजट 800 करोड़ रुपये करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मेयर, नगर आयुक्त सहित लेखा विभाग के अधिकारी मंथन कर रहे हैं, ताकि विकास के विभिन्न मदों में रुपये की कमी न हो। सफाई और नाला निर्माण के कार्यों के लिए पिछले साल से अधिक बजट आवंटित होगा। इसके अलावा नगर निगम की आय को भी बढ़ाने के लिए इस बार कई प्रस्ताव आने की संभावना है।

बढ़ेगा बजट, विकास रफ्तार होगी तेज
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि होली के बाद वार्षिक बजट पेश होगा। विकास को रफ्तार देने के लिए इस बार बजट बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार बजट करीब 750 से 800 करोड़ रुपये के बीच करने का प्लान तैयार किया रहा है। इससे सभी वार्डों का विकास होगा। प्रयास है कि आने वाले वर्षों में कच्ची गलियों को पक्का किया जाएगा।