अयोध्या: अयोध्या में 2195 स्थानों पर होगा होलिका दहन, सुरक्षा का खाका तैयार

अयोध्या, अमृत विचार। रंगों के त्योहार होली पर्व में अब कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। आगामी 13 मार्च को जिले में कुल 2195 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी है। इसमें अयोध्या में 113, नगर कोतवाली क्षेत्र में 207, कैंट थाना क्षेत्र में 78 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा।
जिले में दो फरवरी को वसंत पंचमी पर्व पर होलिका की रेड़ गाड़ी गई है, अब होलिका दहन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बच्चों और युवाओं की टोलियां लकड़ी तलाशने और उठवाकर लाने की तैयारी में जुटी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में युवा होली गीत गाते हुए होलिका में खर (तिलेठी) डालने की तैयारी कर रहे हैं। होलिका दहन में परंपरा के अनुसार गाय के गोबर से बने उपले, जिनमें छेद होते हैं, इन्हें भरभोलिया कहते हैं, की माला बनाकर डाला जाता है। एक माला में सात भरभोलिए होते हैं। तो कहीं होलिका की आग में गेहूं की बालियों और चने के होले को भी भूना जाता है।
सुरक्षा का खाका तैयार, नए स्थानों पर नहीं होगा होलिका दहन
होलिका दहन व होली पर्व को लेकर सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। सिर्फ परंपरागत तरीके से हो रहे आयोजनों को ही अनुमति दी जा रही है, नए स्थानों पर होलिका दहन करने पर रोक लगाई गई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह व एसएसपी राजकरन नैयर ने तैयारियों की समीक्षा की। कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। साथ ही होलिका दहन स्थलों को सूचीबद्ध कर समितियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्थलों पर पुलिस व होमगार्ड के जवानों को तैनात भी किया जाएगा। बैठक में डीएम ने पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे कि बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन नहीं होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- अयोध्या: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 42 नारी शक्तियों को मिला स्वयं सिद्धा नारी सम्मान 2025