रामपुर : कार नहीं मिलने पर दूल्हे ने मंच पर दुल्हन के जड़ा थप्पड़, जमकर चलीं कुर्सिंयां
दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई, मची भगदड़

रामपुर, अमृत विचार। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को कार नहीं दी तो दूल्हा को गुस्सा आ गया। दूल्हा ने स्टेज पर दुल्हन को सबके सामने कई थप्पड़ जड़ दिए। जिससे दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। उसके बाद दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच मारपीट हो गई। जिसमें जमकर कुर्सियां चलीं। मौका पाकर दूल्हा अपने साथियों के साथ भाग गया। जबकि मारपीट में दुल्हन सहित 10 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। हालांकि अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने दूल्हे के पिता को पकड़ लिया है। समाज के गणमान्य लोग समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव रतनपुरा शुमाली से जुड़ा है। यहां के रहने वाले त्रिलोकी सिंह दिवाकर ने अपनी बेटी नीरज की शादी कुछ दिनों पहले शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव डुडई निवासी सुभाष से तय कर दी थी। उसके बाद शादी की तैयारियां हो रही थीं। लगुन भी हो गई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को खौद चौराहा स्थित एक मैरिज हाल में दूल्हा बरात लेकर पहुंच गया। उसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने बरात का स्वागत किया। पूजा अर्चना हो जाने के बाद दुल्हन को उसकी बहनें सजाकर जयमाला के लिए स्टेज पर ले आईं। जयमाला के समय दूल्हे ने दुल्हन से पूछा कि बुलेरो के पैसे ले लिए हैं। दुल्हन ने इनकार कर दिया। उसके बाद दूल्हे ने दुल्हन के थप्पड़ जड़ दिए। जिसके बाद दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। यह देखकर वहां पर मौजूद लोग सकते में आ गए। उसके बाद दुल्हन और दूल्हे के लोगों में गाली-गलौज हो गई। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस बीच लोगों ने एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकना शुरू कर दीं। जिसमें दुल्हन नीरज सहित 10 लोग घायल हो गए। इस बीच दूल्हा कुछ बरातियों के साथ भाग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दूल्हे के पिता हरद्वारी को पकड़ लिया। दुल्हन नीरज ने बताया कि बरात में बुलेरो नहीं मिलने पर दूल्हे ने फेरों से मना कर दिया। शादी से पहले लगुन में दस लाख रुपये और दहेज पहले ही दूल्हे के घर पहुंचा दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक कर्म सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है समझौते के प्रयास चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें - रामपुर : हल्की बारिश से मौसम का बदला मिजाज, रबी की फसलों को मिलेगा लाभ