मुरादाबाद नगर निगम ने रचा इतिहास, टैक्स वसूली में पूरे प्रदेश में प्रथम
निगम ने इस वर्ष जनवरी में पिछले वर्ष की तुलना में की 179 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम मुरादाबाद में जनवरी में टैक्स राजस्व वसूली में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष के जनवरी की तुलना में जनवरी 2025 में 179 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि से उसे प्रदेश के सभी नगर निगमों में प्रथम स्थान हासिल हुआ है।
नगर निगम मुरादाबाद ने वित्तीय अनुशासन और प्रभावी कर संग्रहण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के अन्य नगर निगमों को पीछे छोड़ते हुए राजस्व वसूली में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। निगम ने इस वर्ष जनवरी में पिछले वर्ष के सापेक्ष 179 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की है। जिससे वित्तीय वर्ष 2023-24 में 3.82 करोड़ रुपये की तुलना में इस वर्ष 10.66 करोड़ रुपये की वसूली के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। इसमें गृहकर वसूली में की उपलब्धि सराहनीय है। निगम ने 1,32.912 सम्पत्तियों के सापेक्ष 84,368 सम्पत्तियों से गृहकर वसूली कर 63 प्रतिशत के लक्ष्य को हासिल किया है, जो अन्य नगर निगमों की तुलना में सर्वोच्च है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में नगर निगम मुरादाबाद की इस बड़ी उपलब्धि की प्रशंसा की गई।
शासन से मिले वित्तीय वर्ष के लक्ष्य हो शत प्रतिशत हासिल करेंगे। निगम प्रशासन पारदर्शी और प्रभावी कर प्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। जिससे महानगर के विकास को गति मिल सके। उन्होंने बताया कि वित्तीय अनुशासन और कुशल रणनीति के चलते नगर निगम ने जनवरी तक निर्धारित 94 करोड़ रुपये के लक्ष्य का 70 प्रतिशत 63.27 करोड़ रुपये वसूल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में गतवर्ष 37.19 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी।
यूजर्स चार्ज वसूली में भी सुधार
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, यूजर चार्ज वसूली में इस वर्ष काफी सुधार हुआ है। पिछले वर्ष यूजर चार्ज वसूली शून्य थी, जबकि इस वर्ष 69.91 लाख रुपये की निगम ने बड़ी वसूली कर उपलब्धि हासिल की है।
जलकर वसूली में भी अव्वल
नगर निगम ने 1,25,760 सम्पत्तियों को जल आपूर्ति कनेक्शन प्रदान किया है। जिसमें से 77.475 सम्पत्तियों से वर्तमान मांग की वसूली कर 62 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की है।
सीवर कर वसूली में भी शीर्ष स्थान
नगर निगम ने 82,00 सम्पत्तियों को सीवरेज नेटवर्क सुविधा प्रदान कर 69 प्रतिशत सम्पत्तियों से सीवर कर वसूली की गई, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।