Unnao News: बच्चों की बेहतर शिक्षा और प्रतियोगता से विख्यात हुआ विद्यालय...बस गणित, विज्ञान शिक्षकों की कमी

Unnao News: बच्चों की बेहतर शिक्षा और प्रतियोगता से विख्यात हुआ विद्यालय...बस गणित, विज्ञान शिक्षकों की कमी

उन्नाव, (रामसेवक यादव)। शिक्षकों के परिश्रम और लगन से क्षेत्र का उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट धन्ना पुरवा सकरौली कान्वेंट स्कूलों को मात दे रहा है। इस विद्यालय में बच्चों का भविष्य संवारने के साथ ही भौतिक परिवेश भी संवारा जा रहा है। विद्यालय की पेंटिंग ट्रेन लुक में कराई गई है। विद्यालय परिसर व कक्षों की साज-सज्जा इतनी आकर्षक है कि अन्य सरकारी व निजी विद्यालयों के शिक्षक ही नहीं बल्कि अभिभावक भी हतप्रभ रह जाते हैं। विद्यालय परिसर में पौधों की श्रंखला व बाउंड्री की सुंदरता देख लोग चकाचौंध होते हैं। 

खेल व मनोरंजक साधन

खासकर प्रधान शिक्षिका गीता यादव और सहायक शिक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के अथक प्रयास से बच्चों के खेलने हेतु झूला, फिसलन पट्टी, गोल चकरी, बैलेंस झूला, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल व कैरम बोर्ड आदि उपकरणों की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

कायाकल्प योजना 

योजना के तहत ग्राम पंचायत द्वारा विद्यालय में कक्षों तथा बरामदे की फर्श पर आकर्षक टायल लगाए गए हैं। सामान्य और दिव्यांग बच्चों के लिए अलग-अलग शौचालय भी निर्मित है।

Unnao School 1

गणित, विज्ञान शिक्षकों की कमी

प्रधान शिक्षिका गीता यादव ने बताया कि विद्यालय में 10 अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशक नियुक्त हैं। किंतु विभाग द्वारा दो अध्यापकों को एआरपी पद पर तैनात कर देने से बच्चों को गणित व विज्ञान दोनों विषय पढ़ाने में दिक्कतें आ रही हैं। 

उपलब्धि

बीते अगस्त माह में इसी विद्यालय के छात्र रहे पड़ोसी ग्राम अंगने खेड़ा निवासी सुधीर कुमार ने केबीसी प्रतियोगिता में महानायक अमिताभ बच्चन से 25 लाख रुपए इनाम हासिल किया था। बीते वर्ष जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र श्याम वर्मा तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन कर चुका है। ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार प्रतियोगिता क्विज में विद्यालय की छात्रा पारुल गौतम ने पांचवा स्थान प्राप्त किया था। 

आवश्यकता 

यदि ग्राम पंचायत या ब्लॉक स्तर से विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग की व्यवस्था करा दी जाए तो विद्यालय का भौतिक परिवेश और भी आकर्षक हो जाएगा। जिसकी मांग शिक्षकों व छात्रों ने की है।

शिक्षण कार्य

व्यायाम अनुदेशक अभिषेक तिवारी नियमित रूप से पीटी, योगासन व व्यायाम बच्चों को कराते हैं। कला अनुदेशिका रजिया खातून बच्चों को चित्रकला में पारंगत करती हैं। शिक्षक संकुल देवेंद्र सिंह बच्चों को अंग्रेजी विषय, प्रभारी गीता यादव सामाजिक विषय, कौशलेंद्र पाल गणित, विज्ञान व संतोष सिंह, ठाकुर प्रसाद व शिखा सिंह कक्षा एक, दो व तीन के बच्चों को निपुण कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Unnao News: दीपावली नजदीक आते ही मिलावटी मिठाई व खोया कारोबारी सक्रिय...रात के अंधेरे में धधक रही भट्ठियां