मुरादाबाद : करवा चौथ आज...पिया के नाम की हाथों में रचाई मेहंदी, देर रात तक हुई खरीदारी

बाजार में पूजन सामग्री, कपड़े, आभूषण आदि की दुकानों पर हुई जमकर खरीदारी, ब्यूटी पार्लर में सजने-संवरने को पहुंचीं महिलाएं, सड़क किनारे मेहंदी रचने वालों पर रहीं भीड़

मुरादाबाद : करवा चौथ आज...पिया के नाम की हाथों में रचाई मेहंदी, देर रात तक हुई खरीदारी

मुरादाबाद। अपने सुहाग की लंबी उम्र व सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रविवार को मनेगा। महिलाओं ने त्योहार से एक दिन पहले ही हाथों पर अपने पिया के नाम की मेहंदी रचाई। सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में चहल पहल रही। ब्यूटी पार्लर में सजने-संवरने के लिए महिलाओं की भीड़ रही। देर रात तक दुकानों पर खरीदारी हुई। पति भी पत्नियों को उपहार देने के लिए आभूषण, ड्रेस आदि की खरीदारी में जुटे रहे।

करवा चौथ का व्रत महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। यह व्रत विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए रखती हैं। महिलाएं सुबह से निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा करने बाद पारण करती हैं। शनिवार को सुबह से लेकर देर रात तक मंडी चौक से लेकर गंज बाजार, गुरहट्टी, लाइनपार, बुद्धि विहार, कांठ रोड पर हरथला, आशियाना आदि क्षेत्रों में खूब चहल-पहल रही। महिलाएं सुबह से ही मेहंदी लगवाने के साथ ही करवा, कैलेंडर, पूजा की थाली, लोटा और छलनी की खरीदती करती रहीं। वहीं आभूषण की दुकानों पर मंगल सूत्र, पायल, अंगूठी, नेकलेस और रोस गोल्ड से बने हार की खरीदारी में जुटी रहीं। वहीं सजने-संवरने के लिए चूड़ियां, बिंदी, लिपस्टिक, मेकअप किट और सिल्क, जार्जेट की साड़ियों और लहंगे की खूब खरीदारी भी हुई। रविवार को विधि विधान से पूजन कर महिलाएं अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना करेंगी।

इस बार करवा चौथ पर पति अपनी पत्नियों को सोने की चेन और डायमंड की अंगूठी उपहार में दे रहे हैं। करवा चौथ पर उपहार देने के लिए एक माह पहले से ही पतियों ने आर्डर देने शुरू कर दिए थे। जिसमें सबसे अधिक आर्डर डायमंड की अंगूठियों के थे। साथ ही पायल, बिछुए और मंगल सूत्र भी खरीद रहे हैं। -मनीष गोयल, उपाध्यक्ष गंज बाजार सर्राफा कमेटी

करवा चौथ पर सबसे अधिक क्रेज नव विवाहित महिलाओं में होता है। इस बार महिलाएं सबसे अधिक नेल आर्ट और हाथों पर डिजाइनर मेहंदी लगवा रही हैं। उधर करवा चौथ पर सजने के लिए ब्राइडल मेकअप की मांग अधिक है। ब्राइडल मेकअप की बुकिंग 50 से अधिक है। -सुनील कुमार गुप्ता, पार्लर स्वामी

करवा चौथ को लेकर पिछले दो दिन से बाजार में महिलाओं की अधिक भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। शनिवार की सुबह से महिलाएं चूड़ी, बिंदी और मेकअप का सामान व पूजा की थाली की खूब खरीदारी करती रही।-निशांत कालरा, दुकानदार

विवाहित महिलाओं के लिए करवा चौथ के व्रत का विशेष महत्व होता है। यह व्रत महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए रखती हैं। इस दिन महिलाएं सुबह से निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती हैं। -गौरी शर्मा, गृहणी

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : गुणवत्ता का निकल रहा दम, बनते ही टूट रहीं सड़कें...नगर आयुक्त ने लापरवाही पर दिया जांच का आदेश