मुरादाबाद : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- भाजपा से मुकाबला करने और हराने में सक्षम है कांग्रेस
संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे

मुरादाबाद । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को कांग्रेस के संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में भाजपा सरकारों पर तीखे हमले किए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा से मुकाबला करने और उसे हराने में पूरी तरह से सक्षम है। पिछले लोकसभा चुनाव में यह दिखा दिया है। उपचुनाव में गठबंधन मिलकर भाजपा को सभी नौ सीटों पर हराएगा और अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी। सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और सांसद इमरान मसूद ने भी सरकार को कई मोर्चों पर घेरा।
शादी हाल में आयोजित कांग्रेस के संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बहराइच में हुए दंगों से यह साफ है कि प्रदेश सरकार फेल है। सरकार की कमियों को छिपाने और सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने के लिए मंत्री और विधायक गलत बयान दे रहे हैं। भाजपा सरकार में भाजपा के ही विधायक पिट रहे हैं। कहा कि लोकसभा चुनाव में बनारस में उन्होंने 6 राउंड तक प्रधानमंत्री को पछाड़ा था।
कांग्रेस पार्टी ने रायबरेली और अमेठी में बड़ी जीत हासिल करके दिखा दिया कि वह भाजपा का मुकाबला करने और हराने में सक्षम है। यह लोग राहुल गांधी को डराने की बात करते हैं, जिनकी दादी देश पर कुर्बान हुईं, पिता कुर्बान हुए वह डरेगा नहीं। राहुल गांधी ने हजारों किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा कर यह दिखा दिया कि वह राजनीति में कितने सक्षम हैं। जहां हमारे प्रधानमंत्री प्रेस वार्ता तक नहीं कर पाते, वहां पर राहुल गांधी यात्रा के दौरान प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति से मिले और प्रेसवार्ता की।
सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार विशेष समुदाय और दलितों के घर पर बुलडोजर चला रही है। विशेष धर्म और जाति के लोगों का एनकाउंटर किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी संविधान को कमजोर करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जब मंदिरों से घंटी और मस्जिदों से अजान एक साथ सुनाई देगी तभी देश तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा देश के लिए बलिदान दिया है।
इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश बनाकर दुनिया का भूगोल बदल दिया था और अब भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी को डराना और दबाना चाहती है। सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार वक्फ बोर्ड पर कब्जा करना चाहती है, जबकि जो जमीन वक्फ बोर्ड में हैं उनको हमारे पूर्वजों ने दान किया है तो वह किसी और की जमीनें कैसे हो सकती हैं। सरकार वक्फ बोर्ड पर कब्जा कर कब्रिस्तानों, मस्जिदों, खानकाहों और ईदगाहों पर कब्जा करना चाहती है और संविधान बदलकर आरक्षण खत्म करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा होने नहीं देगी।
सम्मेलन में मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव विदित चौधरी, पूर्व विधायक रीना कुमारी, पूर्व विधायक इकराम कुरैशी सचिन चौधरी, मण्डल प्रभारी सुबोध शर्मा, जिला प्रभारी मिथुन त्यागी, जिला अध्यक्ष असलम खुर्शीद, रिजवान कुरैशी, चौधरी दरख्शां अहसान खान, चौधरी दाऊद खान, नगर अध्यक्ष शौकत, रहे। जिला उपाध्यक्ष चौधरी अहसान खां ने सम्मेलन में पहुंचे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्रीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
उपचुनाव में सीट बंटवारे पर बन जाएगी सहमति
पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि उपचुनाव में सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन की वार्ता आखिरी दौर में चल रही है। उनको उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अच्छा निर्णय लेते हुए कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें देंगे। कांग्रेस पार्टी उपचुनाव में पूरे दमखम के साथ इंडिया गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ेगी और आने वाले 2027 की विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : शिवपाल सिंह यादव बोले- उपचुनाव में सपा गठबंधन सभी 9 सीटें बड़े अंतर से जीतेगा