बदायूं : मान, शान के हो गए हैं आदी, दो शब्द भी बिगाड़ देते हैं मन की स्थिति

बदायूं स्थित सेवा केंद्र की ओर से बदायूं क्लब में हुआ आयोजन

बदायूं : मान, शान के हो गए हैं आदी, दो शब्द भी बिगाड़ देते हैं मन की स्थिति

बदायूं, अमृत विचार। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बदायूं स्थित सेवा केंद्र की ओर से बदायूं क्लब में उलझनों से उत्साह की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुंबई से सुप्रसिद्ध भजन गायक हरीश मोयल ने तू शाश्वत ज्योत स्वरूपा अप्रतम उजाला है तू गाकर और दीप प्रज्जवलित करके शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय प्रमुख प्रेरक वक्ता बीके शिवानी ने कहा कि आज हमारे अंदर सच को स्वीकारने की शक्ति नहीं है। हम मान, शान के इतने आदी हो गए हैं कि किसी के दो शब्द भी हमारी मन की स्थिति को बिगाड़ देते हैं।

प्रमुख प्रेरक वक्ता ने कहा कि सभी लोग व्यर्थ की बातों का चिंतन करके मन में घाव बना लेते हैं। जो जीवन भर पीड़ा देते हैं। दूसरों की कमी, कमजोरी का चिंतन न करके अपनी और दूसरों की विशेषताओं का चिंतन करें। जिससे ज्यादा से ज्यादा लाभ ले सकें। हमारे बारे में कोई कुछ कहता है तो वह उसका स्वभाव व संस्कार है। दूसरों की सोच हमारा विकल्प नहीं है लेकिन हमारी सोच हमारा विकल्प है। हमें दुख देना है न दुख लेना है। हर कर्म सोच समझ कर करना है। कर्म आत्मा में सदा के लिए रिकॉर्ड होता है। अच्छा कर्म अच्छा भाग्य लेकर आता है। किसी के कर्मों का चिंतन भी हमारा भाग्य बिगाड़ देता है। खुशियां गायब कर देता है। हमारा अपने हर कर्म पर ध्यान हो। बताया कि सहज राज योग का प्रशिक्षण 16 ,17,18 अक्टूबर को बी 4-आवास विकास बदायूं में होगा। दिल्ली की ब्रह्माकुमारी बहन प्रशिक्षण निशुल्क देंगी। इच्छुक लोग सुबह 7 से 8 और शाम 6 से 7 बजे तक सेवा केंद्र पर पहुंचकर लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम में कासगंज जोन की प्रभारी ब्रह्माकुमारी सरोज, माउंट आबू के डॉ. सुभाष वीना, रागिनी, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा, नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, सीओ ईरानी, शक्ति सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल, सूर्य प्रकाश वैश्य, बदायूं क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष, अशोक नारंग, कवि नरेंद्र गरल, गुरमीत सिंह, नितिन अग्रवाल, वीरेंद्र ढींगरा, नवनीत  गुप्ता, जितेंद्र गोस्वामी, रविंद्र मोहन सक्सेना आदि मौजूद रहे। करुणा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम ने सकारात्मक परिवर्तन लाने को किया प्रेरित
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने प्रेरक वक्ता ब्रह्मकुमारी बीके शिवानी का स्वागत किया। उन्होंने प्रेरक वक्ता के विचारों को सुना। कार्यक्रम के चलते पालिका अध्यक्ष की ओर से शहर में साफ-सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराई। अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम ने लोगों को सकारात्मकता की दिशा में नया रास्ता दिखाया। जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने को प्रेरित किया है। लोगों के बीच एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। उनके दिए संदेश को जीवन में लागू करने का प्रयास करेंगे। यह आयोजन जिले के विकास और समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।