कानपुर में बेटे के जेल जाने के सदमे में पिता ने जान दी: बचाने में दूसरा बेटा भी घायल, जानिए पूरा मामला

कानपुर में बेटे के जेल जाने के सदमे में पिता ने जान दी: बचाने में दूसरा बेटा भी घायल, जानिए पूरा मामला

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में छोटे बेटे के जेल जाने के सदमे में मानसिक अस्वस्थ हुए पिता घर की पहली मंजिल से कूद गए। उन्हें पकड़ने में बड़ा बेटा भी नीचे गिर गया। पिता की मौत हो गई, वहीं बेटा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने जांच कर आस पड़ोस के लोगों से जानकारी ली।

चकेरी के गांधीग्राम इलाके में 75 वर्षीय जगन्नाथ पत्नी, दो बेटे गगन, राजा के साथ रहते थे। बेटी मोना की शादी हो चुकी है। दामाद मनोज ने बताया कि दो माह पहले उनके छोटे बेटे राजा को एक लड़की ने फंसाकर पॉक्सो आदि धाराओं में जेल भिजवा दिया था। जिसके बाद से पिता सदमे में आ गए। वह घर में रहते रहते अचानक पुलिस आकर ले जाएगी कहकर बेड और तख्त के नीचे छिप जाते थे।

सोमवार सुबह 7 बजे वह दो मंजिल मकान में ऊपर गए और पहली मंजिल से कूद गए। इस दौरान पास खड़े बेटे गगन ने उनका हाथ पकड़ा जिस पर वह भी नीचे साथ में गिर गया। परिजन इलाकाई लोगों की मदद से दोनों को कांशीराम अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गगन के दोनों पैर टूट गए जिसका इलाज चल रहा है।

परिजनों का आरोप है कि दो माह पहले राजा एक महिला मित्र के घर दोस्तों के साथ गया था। वह अंदर नहीं जा पाया, बाहर ही खड़ा होकर दोस्तों से बात करने लगा। इस दौरान उसके कुछ दोस्त अंदर गए। उन लोगों ने महिला मित्र के साथ क्या किया यह नहीं पता। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया। इस संबंध में चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ें- कानपुर में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से पीट-पीटकर की हत्या: आरोपी मौके से फरार, घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी