Kanpur: रिपोर्ट में खुलासा: सीसामऊ में उपचुनाव के बावजूद लापरवाही; सदस्यता में भाजपा उत्तर जिला और पिछड़ा

Kanpur: रिपोर्ट में खुलासा: सीसामऊ में उपचुनाव के बावजूद लापरवाही; सदस्यता में भाजपा उत्तर जिला और पिछड़ा

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ विधानसभा का प्रस्तावित उपचुनाव जीतने के लिये भाजपा ने एड़ी चोटी का जोर लगा रखा है। सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी के बड़े नेताओं व प्रभारी ने डेरा जमा रखा है। लेकिन इसके बावजूद उत्तर जिला सदस्यता में पिछड़ रहा है।

भाजपा सदस्यता अभियान की 4 अक्टूबर तक की रिपोर्ट में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों में उत्तर जिला खिसक कर 7वें स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले उत्तर
जिला 5वें स्थान पर था। कानपुर दक्षिण जिला ने पहले नंबर पर अपना कब्जा बनाए रखा है। दक्षिण जिला दूसरे चरण के सदस्यता अभियान में भी पहले नंबर पर है। 

पहले चरण के सदस्यता अभियान की रिपोर्ट के अनुसार कानपुर दक्षिण में 1,83,081 सदस्य बने हैं वहीं दूसरे स्थान पर रहे फतेहपुर जिला में 162930 सदस्य बने हैं। फर्रुखाबाद तीसरे स्थान पर है। यहां 149511 सदस्य बनाए गए हैं। जालौन को चौथा स्थान मिला है। वहां 143008 सदस्य बने हैं।

झांसी 142565 सदस्यों के साथ पांचवें स्थान, बांदा 140991 सदस्य बनाकर छठे स्थान पर तथा कानपुर उत्तर सातवें स्थान पर आया है, जहां 134626 सदस्य बनाए गए हैं। कानपुर ग्रामीण सदस्यता अभियान में आठवें स्थान पर हैं, यहां 120853 सदस्य
बनाए गए हैं। कानपुर देहात 12वें स्थान पर आया है, यहां सदस्याओं का आंकड़ा 109046 दर्ज हुआ है। चित्रकट 17वें नंबर पर है, यहां केवल 53337 सदस्य बनाए
गए हैं।

सुधरेंगे निगम के स्कूल और अस्पताल

सीसामऊ विधानसभा के राखी मंडी अफीम कोठी में जन चौपाल में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि बस्ती के संपूर्ण लोगों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा मिलेगी।
नगर निगम के स्कूलों को आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। जिसमें बस्तियों के बच्चे न्यूनतम फीस पर उच्च स्तर की शिक्षा ग्रहण करेंगे। जो शिक्षा अमीर के बच्चे को मिलेगी इन स्कूलों में वही शिक्षा आपके बच्चे को मिलेगी। नगर निगमों के अस्पतालों को भी नर्सिंग होम की तर्ज पर विकसित करने का काम बहुत जल्दप्रारंभ होगा।

ढाई लाख सदस्य बनाने का दावा

कम सदस्यता पर उत्तर जिला की प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी अनूप गुप्ता ने पिछले दिनों बैठक कर पदाधिकारियों की क्लास लगाई थी। इसके बाद भी परफॉर्मेंस में कोई सुधार नहीं हुआ है। उत्तर जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सदस्यता का लक्ष्य ढाई लाख तक पहुंचाना है। 16 अक्टूबर तक इस लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। 

मंडल प्रभारियों की तत्काल बैठक बुलाई है। सभी को कड़े निर्देश दिये गये हैं कि प्रत्येक दिन 5 घंटे अपने क्षेत्र में प्रवास कर सदस्यता बढ़ानी है। इसमें लापरवाही
बर्दाश्त नहीं होगी - दीपू पांडेय, जिलाध्यक्ष उत्तर जिला भाजपा

यह भी पढ़ें- Kanpur: कार्डियोलॉजी में बनेगा सात मंजिला नया भवन, संस्थान में बढ़ेंगे 300 बेड, पहली बार मिलेगी यह सुविधा...