47 हजार गांवों में 80 प्रतिशत खरीफ की फसल का सर्वे पूरा, डिजिटल क्रॉप सर्वे में जौनपुर ने मारी बाजी

47 हजार गांवों में 80 प्रतिशत खरीफ की फसल का सर्वे पूरा, डिजिटल क्रॉप सर्वे में जौनपुर ने मारी बाजी

लखनऊ, अमृत विचार: राज्य सरकार ने प्रदेश भर में बोई जाने वाली खरीफ की फसल के डिजिटल क्रॉप सर्वे का 80 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। प्रदेश के 84 हजार से अधिक राजस्व गांवों में शुरू किये गये डिजिटल क्रॉप सर्वे (2024-25) के तहत 47 हजार से अधिक गांवों में सर्वे का काम पूरा हो चुका है जबकि कुल साढ़े चार करोड़ से अधिक प्लॉट्स (गाटा संख्या) में बोई खरीफ की फसल के सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। यह कुल (साढ़े पांच करोड़ से अधिक) प्लॉट्स का 80 प्रतिशत है। इन कंप्लीट सर्वे में से 3 करोड़ से अधिक प्लॉट्स के सर्वे को अप्रूवल भी मिल चुका है, जो 82 प्रतिशत है। वहीं सर्वे में प्रदेश के टॉप टेन जिलों में जौनपुर अव्वल रहा है, जबकि दूसरे स्थान पर गाजियाबाद है।

सर्वे के लिए सभी 75 जिलों के 91,609 राजस्व गांव के 5,81,23,573 प्लॉट्स (गाटा संख्या) का डिजिटल मैप उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने यह सर्वे 23 अगस्त से 5 अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश दिये थे। योगी के निर्देश पर 2 अक्टूबर तक 4,63,22,564 प्लॉट्स (गाटा संख्या) के सर्वे के काम को पूरा कर लिया गया है, जो 80 प्रतिशत है जबकि 3,76,22,171 प्लॉट्स (गाटा संख्या) के सर्वे को स्वीकृत किया जा चुका है। यह कुल प्लॉट्स का 82 प्रतिशत है। वहीं शेष 1,18,01,009 प्लॉट्स (गाटा संख्या) के सर्वे के अप्रूवल का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।

जौनपुर पहले तो गाजियाबाद दूसरे स्थान पर
खरीफ की फसल के डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत लक्ष्य के सापेक्ष अधिकांश कार्य पूरा करने वाले उप्र. के टॉप टेन जिलों में जौनपुर ने पहला स्थान हासिल कर बाजी मारी है। इसी तरह गाजियाबाद दूसरे स्थान पर है। अमरोहा तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा बस्ती चौथे स्थान पर है। आजमगढ़ पांचवे स्थान पर है जबकि, हमीरपुर छठे, मैनपुरी सातवें, महोबा आठवें, गाजीपुर नौवें और शामली दसवें स्थान पर है।

यह भी पढ़ेः UP News: कारीगरों और उद्यमियों को मिलेगा रेशम रत्न सम्मान, जल्द करें अप्लाई और जीते ग्रैंड अवार्ड