कर्मचारी संदेश यात्रा पहुंची बाराबंकी, मंत्री के आश्वासन के बाद भी आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं कर्मचारी

कर्मचारी संदेश यात्रा पहुंची बाराबंकी, मंत्री के आश्वासन के बाद भी आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं कर्मचारी
कर्मचारी संदेश यात्रा में संगठन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर कर्मचारी संदेश यात्रा जारी है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आरपार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। यही वजह है कि कर्मचारियों को एकजुट करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कर्मचारी संदेश यात्रा बाराबंकी पहुंची है। जहां पर नगरपालिका बाराबंकी और नगर पंचायत रामनगर अवधक्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकुमार रावत,उपाध्यक्ष मो.हनीफ,सुधाकर मिश्रा, संजय चन्द्रा, संतराम,विजय यादव आदि के साथ उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र मौजूद रहे।

दरअसल, निकाय कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों के लिए संघर्षरत हैं, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हो रही है। यही वजह है कि कर्मचारी संघ ने इसी माह में आंदोलन का ऐलान कर रखा था, लेकिन आज से एक दिन पहले गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा से उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का समय रहते निर्णय कराएं जाने का अनुरोध किया है। जिस पर मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आंदोलन की तारीख से पहले बैठक करने का आश्वासन दिया है, लेकिन कर्मचारी संघ ने अपना रुख साफ कर रखा है कि यदि बैठक के बाद भी बात नहीं बनी तो आंदोलन निश्चित है। 

प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार मिश्र ने बताया है कि कर्मचारियों की कई मांगें हैं। जिनमें उनके मौलिक अधिकार, सेवा संबंधी समस्याओं और शासन द्वारा अकेन्द्रियत सेवा नियमावली, दैनिक वेतन,संविदा, तदर्थ कर्मचारियों का विनियमतीकरण,लिपिक,राजस्व,सफाई,चतुर्थ श्रेणी आदि कर्मचारियों की पदोन्नति, कैशलेस इलाज व्यवस्था, आऊटसोर्सिंग कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, पद के अनुरूप वेतन,भत्ते, बीमा आदि, खाली पड़े पदो पर नियमित नियुक्ति आदि मांगें शामिल हैं।

इन मांगों का समाधान एक लम्बे समय से नहीं किया गया है। जिसपर कर्मचारियों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। नगरपालिका बाराबंकी और नगर पंचायत रामनगर के सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में महासंघ के साथ हर लड़ाई में कंधे से कंधा मिला कर घोषित आन्दोलन में साथ देने का वादा किया है। उन्होंने बताया कि आज की मीटिंग में प्रमुख रूप से बाराबंकी से कुलदीप, पांचूलाल,अजीत सिंह, जियाउल, नवलकिशोर, सुहैब,विश्वास सिंह,मो.जैद,प्रदीप यादव,सरिता देवी, स्मिता श्रीवास्तव समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: NHM:इन हजारों कार्मिकों को सैलरी के अलावा हर महीने मिलेंगे 15 हजार, मिशन निदेशक ने जारी किये निर्देश