अयोध्या: राम भारत के आदर्श व सबके मन में हैं- अपर्णा यादव

कारसेवक पुरम में कृत्रिम अंग वितरण के लिए 750 लोगों ने कराया पंजीकरण 

अयोध्या: राम भारत के आदर्श व सबके मन में हैं- अपर्णा यादव

अयोध्या, अमृत विचार। अशोक सिंहल फाउंडेशन, विश्व हिंदू परिषद व भगवान महावीर विकलांग कल्याण सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में अशोक सिंहल की 98वीं जयंती के अवसर पर कारसेवक पुरम में निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर के आयोजन के दूसरे दिन इंदौर के जगद्गुरु माधवाचार्य, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी शामिल हुईं। सभी ने अशोक सिंहल को श्रद्धांजलि दी। अशोक सिंहल के न्यासी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने सम्पूर्ण कैंप का दौरा कर दिव्यांगों से हल चल पूछा और सांत्वना दी। 

 उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कारसेवक पुरम में जिस प्रकार से दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और सहायता प्रदान किया जा रहा है। मैं उसकी सराहना करता हूं। राम जन्मभूमि का संघर्ष लेकर अब तक जिस तरीके से अशोक सिंघल की भूमिका रही है उसे हम भुला नहीं सकते हैं। वहीं स्व. मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि पावन धरती आकर बहुत अच्छा लगता है। राम भारत के आदर्श हैं। राम सबके मन में हैं। 

उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। यह सब कारसेवकों की प्रेरणा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से ही हो सका है। शिविर के व्यवस्थापक मनोज तिवारी ने बताया कि कुल 750 पंजीकरण प्राप्त हुए थे, जिसमें भारी बारिश के बावजूद शिविर में 55 दिव्यांगो को अंग प्रदान किए गए। 65 लोगों की आंखों की एवं रक्त की जांच की गई तथा चश्मे वितरित किए गए।

ये भी पढ़ें- अयोध्या: जयंती पर श्रद्धा के साथ याद किए गए शहीद भगत सिंह