अयोध्या : ढहे आशियाने, फसलें चौपट...जलवानपुरा में उतारे ट्रैक्टर 

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बारिश से व्यापक कहर

अयोध्या : ढहे आशियाने, फसलें चौपट...जलवानपुरा में उतारे ट्रैक्टर 
जलवानपुरा में ट्रैक्टर से बाहर निकाले जा रहे लोग।

अयोध्या, अमृत विचार। दो दिन से हो रही बारिश के कारण जन-जीवन अस्त पस्त हो गया है। शहर में जगह-जगह जलभराव है। अयोध्या धाम के जलवानपुरा में हालात बदतर हो गए हैं। कई घरों में पानी भरा हुआ है। नगर निगम ने लोगों को आने-जाने के लिए ट्रैक्टर की सेवा शुरू कराई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में तो कई लोगों के आशियाने ढह गए। तीन बच्चों के चोटिल होने का मामला सामने आया है। बारिश के कारण धान की फसलों पर भी बुरा असर पड़ा है। खेतों में बालियां लगी फसलें लोट गईं। किसान परेशान हैं। शनिवार को 83.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आगे भी बादल छाए रहने व मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है।

पूराजाबार प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड के खनुवावां के राम करन रावत व तालुकदार पांडे का घर शुक्रवार की देर शाम भरभरा कर गिर गया। रामकरन ने बताया कि शुक्रवार की शाम पांच बजे बरसात के दौरान घर एक का एक हिस्सा गिर गया। मां इसी मकान में रहती थीं। संयोग से बरसात होने के नाते खाना खाने के लिए दूसरे घर पर गई थीं। 

इसी तरह तालुकदार पांडे का मकान भी शुक्रवार की शाम छह बजे भरभरा कर गिर गया। उन्होंने इसकी सूचना लेखपाल को दी, लेकिन अभी तक गांव में दिखाई नहीं पड़े। रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक थाना पटरंगा के ग्राम पूरे सालिक में बिंदु का कच्चा मकान गिरने से बिंदु का 7 वर्षीय पुत्र आदित्य, 6 वर्षीय पुत्री राधा व दो वर्षीय पुत्र आर्यन मलबे में दब गए। ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकाला गया, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। चोटिल बच्चों को परिजनो ने ग्रामीणों की सहायता से निकट के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। एसडीएम प्रवीण यादव ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी गरुण द्वार की बाउंड्रीवाल
पूराबाजार/अयोध्या। हाईवे के किनारे बनने वाले गरुड़ द्वार की बाउंड्री वॉल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। पहली ही बरसात में धराशायी हो गई। बाउंड्री वॉल गिरने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। मामला विकासखंड पूराबाजार के ग्राम पंचायत राजेपुर व सरायराशी का है।

स्थानीय लोगों की माने तो बाउंड्री वॉल के निर्माण में शुरू से ही अनियमितताएं देखने को मिल रही थीं। लोगों का कहना है कि काम की गति भी बहुत धीमी थी, और गुणवत्ता की जांच के लिए कोई अधिकारी कभी भी मौके पर नहीं आता था। पहली ही बारिश में दीवार का गिरना इन आरोपों की पुष्टि करता है। इस विषय में जब कार्यदायी संस्था के इंजीनियर शिवम पांडे और छोटे लाल शर्मा से पूछा गया, तो उन्होंने इसे प्राकृतिक आपदा का परिणाम बताया। उनका कहना था कि बाउंड्री वॉल के किनारे एसटीपी के लिए खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण दीवार गिर गई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।  

कमर तक भरा है पानी, घरों से निकलना मुश्किल 
रामनगरी में वाटर मेट्रो, क्रूज, ईवी ,पैराग्लाइडिंग के बाद अब जलवानपुरा वासियों के लिए अयोध्या नगर निगम ने ट्रैक्टर सेवा शुरू किया है। सुबह से ही जलवानपुरा में नगर निगम के द्वारा घरों से बाहर आने जाने के लिए दो ट्रैक्टर लगाया है। बीते दो दिन से हो रही बारिश के कारण जगहों पर जलभराव है। जलवानपुरा में लगभग एक दर्जन से अधिक घरों में तीन फुट से अधिक पानी भरा हुआ है, जिसके कारण लोग अपने घरों से भी नहीं निकल पर रहे थे।

स्थानीय निवासी अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पानी भर गया है। काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यहां पर बीते 15 वर्षों से अधिक समय से जल भराव की समस्या बनी हुई है। ज़ब जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया तो लोगों को घर से लाने ले जाने के लिए ट्रैक्टर लगा दिया गया है।

ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों के घरों में कमर तक पानी भरा हुआ है। सामानों को ले जाने आने में बड़ी दिक्कत हो रही थी। जब यह ट्रैक्टर सेवा शुरू किया गया तो हम बाहर से अपने घर के लोगों के लिए राशन लेकर जा रहे हैं।

ट्रैक्टर चालक शिवपूजन ने बताया कि नगर निगम के द्वारा हमें यहां पर लोगों को पानी से बाहर लाने और ले जाने के लिए लगाया गया है। सुबह से लगभग 50 से अधिक चक्कर लगा कर लगभग 200 से अधिक लोगों को बाहर लाकर छोड़ चुके हैं। नगर निगम के जलकल विभाग से यह आदेश प्राप्त हुआ है।  सुबह 9 से लेकर रात 9 बजे तक यह सेवा क्षेत्र के लोगों को दी जा रही है। 

जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष कार्यदल गठित किया गया है, जो जल भराव के चिन्हित क्षेत्रों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करेगी। जल भराव के सम्बन्ध में किसी भी शिकायत/सूचना निगम के कन्ट्रोल रूम में दूरभाष सं0 1533 /05278-299400/1800-313-1277/7311165805 पर सम्पर्क किया जा सकता है-संतोष शर्मा, नगर आयुक्त

ये भी पढ़ें- गोंडा: घास काटने गई किशोरी की नदी में डूबकर मौत, पैर फिसलने से हुआ हादसा...परिवार में पसरा मातम