मुरादाबाद : 'सपा-कांग्रेस का है नकारात्मक एजेंडा, जनता के बीच उपस्थिति नहीं', भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने साधा निशाना

मुरादाबाद : 'सपा-कांग्रेस का है नकारात्मक एजेंडा, जनता के बीच उपस्थिति नहीं', भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को गदा भेंट करते भाजपा युवा मोर्चा के अमन ठाकुर, साथ में प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह व अन्य।

मुरादाबाद। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का एजेंडा ही नकारात्मक है। जनता के बीच इनकी कोई उपस्थिति नहीं है। यह केवल देश की संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल लांछन लगाने में जुटे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मुरादाबाद पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि आप देख रहे होंगे कि सपा और कांग्रेस चुनाव को लेकर केवल देश की संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग और सरकारी मशीनरी पर लांछन लगाने का काम करती हैं। इनका एजेंडा केवल नकारात्मकता फैलाने का है। जनता के बीच में इनकी कोई उपस्थिति नहीं है। यह केवल नेगेटिव प्रचार करके नेगेटिव एजेंडा सेट करके जनता को गुमराह करना चाहते हैं। निर्वाचन आयोग और सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव कराती है। इसमें हम सभी का विश्वास है। नकारात्मक विचार वालों को उनके हाल पर छोड़ दीजिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान द्वारा दो दिन पहले समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के द्वारा वोट कटने को लेकर किए गए प्रदर्शन पर पूछे सवाल का जवाब दे रहे थे। हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन ने जांच कर बुधवार को अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था कि सपा के पूर्व विधायक द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।

प्रदेश अध्यक्ष को भेंट की गदा
भाजपा युवा मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अमन ठाकुर ने युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का गदा भेंट कर अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं को समाज के विकास के लिए आगे बढ़कर काम करने का आह्वान किया।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : गंगा-जमुनी तहजीब...शाहजादे आलम मेघनाथ व मोहम्मद रईस निभाएंगे परशुराम का किरदार