शाहजहांपुर: मकान के पास गहरे गड्ढे में पहुंचा मगरमच्छ, देखकर लोगों के उड़े होश, एक घायल

शाहजहांपुर: मकान के पास गहरे गड्ढे में पहुंचा मगरमच्छ, देखकर लोगों के उड़े होश, एक घायल

खुटार, अमृत विचार: खुटार-पुवायां मार्ग पर गुरुद्वारा के समीप एक मकान के पास में स्थित गहरे गड्ढे में मगरमच्छ पहुंच गया। मंगलवार शाम को मकान स्वामी को स्नान करने के दौरान पानी में तैरता हुआ बड़ा कोई जीव दिखाई पड़ा। टॉर्च की रोशनी पड़ने पर मगरमच्छ का पता चल पाया। वन विभाग ने सांप पकड़ने वाले एक व्यक्ति की मदद से मगरमच्छ को पकड़ा और गोमती नदी में छोड़ दिया। 

क्षेत्र के गांव रौतापुर कलां निवासी संतोष शर्मा का पुवायां रोड स्थित गुरुद्वारा के पीछे खेत में मकान बना हुआ है। मकान के पास में ही गहरा गड्ढा है जिसमें पहले मोटर रखा गया था और इसी गड्ढे के पास में स्नान घर है। मंगलवार शाम सात बजे सुभाष स्नान कर रहे थे। उसी वक्त उनकी नजर गड्ढे में पानी में तैर रही जीव पर गई। शक के बाद टार्च की रोशनी उस गड्ढे में डाली, तो मगरमच्छ दिखाई दिया। यह देख होश उड़ गए और शोर मचा दिया। इसके बाद मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। 

लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन दरोगा संतोष गौड, वनकर्मी अशोक वाजपेयी के साथ अन्य वनकर्मी पहुंचे और गड्ढे से पहले पानी निकाला गया, फिर मगरमच्छ को निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वनकर्मियों ने गांव लक्ष्मीपुर में रहने वाले सांप पकड़ने में माहिर सूरज से संपर्क कर मौके पर बुला लिया। करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम ने सूरज की मदद से मगरमच्छ को निकाल सके। 

मगरमच्छ के हमले में सूरज मामूली रूप से घायल भी हो गया। वन विभाग टीम मगरमच्छ को पुवायां रोड स्थित गोमती नदी पर ले गई। जहां उसे नदी में रात में छोड़ दिया गया। उधर, लोगों का कहना है कि मगरमच्छ यहां कैसे पहुंच गया। जिससे सभी लोग हैरान रहे। जबकि मगरमच्छ की चपेट में आने से लोग बच गए। जिससे अनहोनी होने की संभावना थी। लेकिन मकान स्वामी संतोष शर्मा की मगरमच्छ पर निगाह पड़ गई और घटना टल गई।

सूचना पर वनकर्मियों को भेजा गया था। मगरमच्छ को बोरवेल से सुरक्षित निकलवा कर गोमती नदी में छुड़वाया गया है- मनोज श्रीवास्तव, रेंजर खुटार।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सपा छात्र सभा का मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, आंदोलन की दी चेतावनी