पीलीभीत: बहू से ससुर का हुआ था विवाद...बेटा बीच में आया तो उसकी हत्या कर थाने पहुंचा बाप
चाकू से गोदकर सगे बेटे का पिता ने किया कत्ल, वारदात सुनकर पुलिस भी हैरान
पीलीभीत, अमृत विचार। शहर से सटे ग्राम चिड़ैयादाह गांव में एक पिता ने अपने सगे बेटे की चाकू से पेट पर वार करके हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पिता खुद ही सुनगढ़ी थाने पहुंचा और पिता को घटना की जानकारी दी। जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी के साथ पुलिस गांव पहुंची तो बेटे का लहूलुहान शव घर पर पड़ा मिला। एएसपी ने मौका मुआयना कर जानकारी की। मृतक की पत्नी ने ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम चिड़ैयादाह गांव की है। यहां के रहने वाले रामप्रताप (32) पुत्र राजाराम की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। वह पत्नी ममता और दो बच्चों के साथ रहते थे। उनके पिता राजाराम भी साथ रहा करते थे। बीते कुछ समय से राजाराम का पुत्रवधू ममता से विवाद होने लगा। जिसे लेकर गृहक्लेश बढ़ता चला गया। एक माह पूर्व राजाराम घर से कहीं चले गए। बीच में कभी कभार गांव आ जाया करते थे। मंगलवार दोपहर एक बजे राजाराम अचानक घर पहुंचे। पुत्रवधू ममता घरेलू कामकाज निपटा रही थी। आरोप है कि ससुर राजाराम ने गाली गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद ससुर और बहू के बीच झगड़ा होने लगा। शोर सुनकर घर पर मौजूद बेटा रामप्रताप आ गया और पिता को समझाने का प्रयास किया। इस पर राजाराम ने बेटे से भी झगड़ा शुरू कर दिया। इसी बीच राजाराम ने चाकू से अपने बेटे रामप्रताप के पेट पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। परिवार में चीख पुकार मच गई। हत्या करने के बाद आरोपी पिता सुनगढ़ी थाने पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना बताई। कहा कि वह अपने बेटे की हत्या करके आया है। ये बात सुनकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। आनन-फानन में सुनगढ़ी सुनगढ़ी आरोपी पिता को साथ लेकर गांव पहंची। वहां रामप्रताप मृत हालत में मिला। गांव के तमाम लोग जमा हो चुके थे। घटना की जानकारी पर एएसपी विक्रम दहिया भी गांव आ गए। पूरे मामले की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। झगड़े की मुख्य वजह को लेकर पुलिस मृतक की पत्नी और अन्य लोगों से जानकारी कर रही है।