महिला टी20 विश्व कप में पहला खिताब जीतने उतरेगा भारत, अभ्यास मैचों में वेस्टइंडीज-दक्षिण अफ्रीका से होगी भिड़ंत   

महिला टी20 विश्व कप में पहला खिताब जीतने उतरेगा भारत, अभ्यास मैचों में वेस्टइंडीज-दक्षिण अफ्रीका से होगी भिड़ंत   

दुबई। भारत महिला टी20 विश्व कप से पहले दुबई में दो अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को यह घोषणा की। भारत 29 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा जबकि हरमनप्रीत कौर की टीम एक अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उतरेगी। महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली सभी 10 टीम दो-दो अभ्यास मैच खेलेंगी। 

अभ्यास मुकाबलों की शुरुआत 28 सितंबर को पाकिस्तान और स्कॉटलैंड तथा श्रीलंका और बांग्लादेश मैच के साथ होगी। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 29 सितंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड और फिर एक अक्टूबर को दुबई में वेस्टइंडीज से भिड़ेगा। अभ्यास मैच 20 ओवर के होंगे और इन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का दर्जा हासिल नहीं होगा जिससे प्रत्येक टीम को अपने सभी 15 खिलाड़ियों को मुकाबले में उतारने की स्वीकृति होगी। किसी भी ग्रुप की दो टीम अभ्यास मैच के दौरान एक दूसरे से नहीं भिड़ेंगी। भारत को ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है।

ग्रुप बी में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड और बांग्लादेश को जगह मिली है। तीन अक्टूबर से शुरू हो रही इस प्रतियोगिता को बांग्लादेश में मौजूदा राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए यूएई में स्थानांतरित किया गया है। 

अभ्यास मुकाबलों का कार्यक्रम इस प्रकार है: 
28 सितंबर: पाकिस्तान बनाम स्कॉटलैंड (सेवेंस, दुबई) 
28 सितंबर: श्रीलंका बनाम बांग्लादेश (आईसीसीए 1, दुबई)
29 सितंबर: न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका (सेवेंस, दुबई)
29 सितंबर: भारत बनाम वेस्टइंडीज (आईसीसीए 2, दुबई) 
29 सितंबर: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड (आईसीसीए 1, दुबई) 
30 सितंबर: श्रीलंका बनाम स्कॉटलैंड (सेवेंस, दुबई) 
30 सितंबर: बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान (आईसीसीए 2, दुबई)
एक अक्टूबर: वेस्टइंडीज बनाम ऑस्ट्रेलिया (सेवेंस, दुबई) 
एक अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (आईसीसीए 2, दुबई) 
एक अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत (आईसीसीए 1, दुबई) 


हरमनप्रीत की अगुवाई में टी20 विश्व कप में पहला खिताब जीतने उतरेगा भारत 
नई दिल्ली। स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर तीन अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए मंगलवार को घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी जिसका लक्ष्य पहली बार यह टूर्नामेंट जीतना होगा। भारतीय चयन समिति ने अपने आजमाए गए खिलाड़ियों पर ही भरोसा दिखाया है। उमा छेत्री को छोड़कर जुलाई में एशिया कप के असफल अभियान में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा गया है। 

शीर्ष क्रम की बल्लेबाज यास्तिका भाटिया और स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को भी टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनका चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा। श्रेयंका एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गई थी जबकि भाटिया घुटने की चोट से उबर रही हैं। स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को उप कप्तान नियुक्त किया गया है। एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका से हारने के बाद हरमनप्रीत पर दबाव होगा।

भारतीय टीम का लक्ष्य हालांकि पुरुष टीम की उपलब्धि को दोहराना होगा जिसने हाल में अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप को जीता था। हरमनप्रीत ने पहली बार 2018 में टी20 विश्व कप में भारत का नेतृत्व किया था। तब से भारतीय टीम एक बार फाइनल में पहुंची है लेकिन अधिकतर अवसरों पर वह मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही। भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऑस्ट्रेलिया है। इन दोनों टीम को पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। भारत चार अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। 

महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप कप्तान), शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा सोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन।

ये भी पढ़ें : Women's T20 World Cup के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर करेंगी कप्तानी...देखें किसे-किसे मिली जगह

ताजा समाचार

रायबरेली : साइकिल की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
आज नहीं तो कल आतंकवादियों से मिलने की कोशिश करेंगे राहुल गांधी : संजय निषाद
कानपुरवासियों को मिली आगरा-वाराणसी वंदेभारत की सौगात; सांसद ने दिखाई ट्रेन को हरी झंडी, यहां पढ़ें ट्रेन की खासियत...
Unnao: शोभा यात्रा निकालने के साथ गणेश पंडालों में हुई पूजा-अर्चना, नम आंखों से दी गई गजानन महाराज को विदाई
'…खान, आईजी बोल रहा हूं…' जालसाज ने आईपीएस अधिकारी के नाम पर कॉल कर धमकाया, रिपोर्ट दर्ज
Unnao: तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, प्रशासन कर रहा नजरअंदाज, तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की बढ़ी मुसीबतें