अमरोहा: गर्भवती पत्नी गिड़गिड़ाती रही, पति पिटाई कर बनाता रहा वीडियो

फतेहपुर गांव में हुई घटना, आरोपी पति का शांति भंग में चालान

अमरोहा: गर्भवती पत्नी गिड़गिड़ाती रही, पति पिटाई कर बनाता रहा वीडियो

रहरा (अमरोहा), अमृत विचार। क्षेत्र के फतेहपुर में पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की पिटाई की। इस दौरान पत्नी गिड़गिड़ाती रही। लेकिन वह नहीं माना। आरोपी पति उसे पीटते हुए वीडियो बनाता रहा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सात माह की एक गर्भवती महिला अस्पताल के एक बेड पर बैठी हुई दिख रही है। उसके दाहिने हाथ में पट्टी भी बंधी है। बेबस महिला गिड़गिड़ा रही है, लेकिन आरोपी पति हंसकर उसका वीडियो बनाता नजर आ रहा है। 

जानकारी के अनुसार छह वर्ष पहले संभल जनपद के रजपुरा थाने की गवां चौकी क्षेत्र के गांव उधनपुर निवासी देवीसाह ने तीन भाइयों में इकलौती बेटी सावित्री की शादी हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर में की थी। उसका पति सतीश झोलाछाप है और गांव चाऊपुर में क्लीनिक चलाता है। रहरा के संजीवनी अस्पताल में पार्टनर भी है। महिला के भाई शिव कुमार का आरोप है कि आए दिन वह उसकी बहन के साथ मारपीट करता रहता है। 

बुधवार देर शाम वह उसे रहरा स्थित अपने संजीवनी अस्पताल में लाया और जबरन उसका गर्भपात कराना चाहता था। लेकिन पत्नी गर्भपात करना नहीं चाहती थी। इसके चलते उसने अपनी गर्भवती पत्नी को अस्पताल में ही प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पति की प्रताड़ना झेल रही सात माह की गर्भवती सावित्री ने गुरुवार शाम पांच बजे हसनपुर के एक निजी चिकित्सक के यहां बेटी को जन्म दिया। सावित्री व उसकी बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है। थाना अध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि निजी अस्पताल में पति-पत्नी के बीच कहासुनी का मामला संज्ञान में आया था। आरोपी पति का शांति भंग में चालान कर दिया है।

ये भी पढ़ें- अमरोहा : विधायक जी का रिश्तेदार है झोलाछाप, उन्हीं से करो शिकायत...सीएमओ का ऑडियो वायरल