बदायूं: टेंडर की जानकारी करने गए ठेकेदार को पीटा, चेयरमैन पर रिपोर्ट

बदायूं: टेंडर की जानकारी करने गए ठेकेदार को पीटा, चेयरमैन पर रिपोर्ट
demo image

बदायूं, अमृत विचार। एक ठेकेदार ने नगर पालिका परिषद, ककराला के चेयरमैन इंतखाब सकलैनी पर मारपीट करने और एससीएसटी एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई है। ठेकेदार का आरोप है कि वह अपने ऑफलाइन डाले गए टेंडर की जानकारी करने नगर पालिका परिषद कार्यालय गए तो चेयरमैन ने उनके साथ गाली-गलौज की। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट की। 

इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सिटोली निवासी संतोष कुमार ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से हैं। वह ठेकेदारी करते हैं। चार महीने पहले उन्होंने नगर पालिका परिषद ककराला में काम के लिए ऑफलाइन टेंडर डाला था। 24 जुलाई को वह अपने टेंडर की जानकारी करने के लिए नगर पालिका कार्यालय गए थे। पालिका चेयरमैन इंतखाब सकलैनी कार्यालय में बैठे थे।

आरोप है कि टेंडर के बारे में पता करने पर चेयरमैन भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर चेयरमैन ने डंडे से मारपीट करना शुरू कर दिया। संतोष के सिर में डंडा मारा। जो उनके हाथ में लगा। जिसके बाद चेयरमैन उनपर डंडे मारते रहे। वह थाने गए। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया। ककराला पालिका चेयरमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अलापुर के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। 

ठेकेदार से पहली बार मुलाकात हुई थी। वह चार लोग आए थे। ठेकेदार ने अपने टेंडर के बारे में जानकारी की तो उन्हें बताया गया था कि टेंडर से कोई लेना देना नहीं है। ईओ के पास जाकर पता कर लें। जिसके बाद वह कहकर गए थे कि हम देख लेंगे। किसी भी प्रकार की हाथापाई नहीं हुई थी। उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। कोई षड्यंत्र के तहत यह करा रहा है। -इंतखाब सकलैनी, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद ककराला।