अयोध्या: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बोले- अब तो अपने ही उठा रहे सरकार पर सवाल, इनका जाना तय
अयोध्या को गुजरातियों ने लूटा, उपचुनाव में सभी सीटें जीतेंगें
अयोध्या, अमृत विचार। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्य्क्ष अजय राय ने कहा कि विपक्ष के साथ अब अपने ही सरकार पर सवाल उठाने लगे हैं। इससे सरकार की कार्यप्रणाली स्पष्ट हो गई है। यह अयोध्या में हारे और बद्रीनाथ में भी हार मिली। काशी में किस तरह इज्जत बची, यह सबको पता है। अब भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और विधानसभा उपचुनाव में गठबंधन को सभी दसों सीटों पर विजय हासिल होगी।
शुक्रवार को दोपहर बाद वह जिला कारागार में निरुद्ध पार्टी जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या ही नहीं काशी को भी विकास के नाम पर छला गया। सरकार ने ठेका-पट्टा ही नहीं कीमती जमीन भी गुजरातियों को सौंप दी और वह भ्रष्टाचार कर मालामाल हो गए। यहां की जनता को कुछ भी नहीं मिला। पहली ही बरसात ने इनके खेल और भ्रष्टाचार को कलई खोल दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शासनादेश के तहत बिना टेंडर किसी भी सूरत में एक वर्ष से अधिक समय बाद भुगतान नहीं हो सकता, लेकिन अयोध्या नगर निगम मेहसाणा गुजरात की आउटसोर्सिंग कंपनी को तीन सालों से भुगतान कर रही है। लोकसभा चुनाव के परिणाम के बावजूद इनको सद्बुद्धि नहीं आ रही, जनता ने इनको विदा करने का मन बना लिया है।
उन्होंने बताया कि जनहित में संघर्ष करने वाले पार्टी कार्यकर्ता पर सरकार के इशारे पर उत्पीड़न करने के लिए फर्जी मामला दर्ज किया गया और जेल भेज दिया। मैंने मुलाकात कर जिलाध्यक्ष का मनोबल बढ़ाया है, जिससे वह जनता के लिए संघर्ष करते रहें। उन्होंने ट्रेन हादसे का हवाला देते हुए रेल मंत्री को कटघरे में खड़ा किया तथा शिक्षकों के डिजिटल हाजिरी और लखनऊ में रिवर फ्रंट के नाम पर तोड़फोड़ पर रोक के निर्णय को उपचुनाव के लिए भाजपा की सोची-समझी चाल बताया। साथ ही कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों को जारी निर्देश को तुगलकी फरमान करार दिया। पूर्व सांसद डॉक्टर निर्मल खत्री के आवास पहुंच मुलाकात के बाद वह वापस लखनऊ रवाना हो गए। आगमन पर रौनाही टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, उग्रसेन मिश्रा, सुनील कृष्ण गौतम, बृजेश रावत, चेतनारायण सिंह, अनिल सिंह, रामेंद्र त्रिपाठी, रामदास वर्मा, करण त्रिपाठी,उमेश उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।