अल्मोड़ा: जिले में एकल अध्यापक के भरोसे 310 प्राथमिक स्कूल

अल्मोड़ा: जिले में एकल अध्यापक के भरोसे 310 प्राथमिक स्कूल

कमलेश कनवाल, अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के 310 प्राथमिक विद्यालय एकल अध्यापकों के भरोसे चल रहे हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य अंधकार में डूबा हुआ है। इनमें अधिकांश विद्यालय धौलादेवी, स्याल्दे, भिकियासैंण और हवालबाग विकासखंड में हैं।

अल्मोड़ा जिले में कुल 1248 राजकीय प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 310 विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। अधिकांश विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। प्राथमिक विद्यालय में कम से कम तीन शिक्षकों का होना जरूरी है, लेकिन एकल अध्यापक के भरोसे बच्चों का शिक्षण चल रहा है।

प्राथमिक शिक्षा से ही बच्चे की आगे की शिक्षा का निर्धारण होता है, लेकिन बच्चे की नींव ही कमजोर होगी तो बड़ी कक्षा में पहुंचने पर उसे विज्ञान, गणित सहित अन्य विषयों का ज्ञान कैसे हासिल होगा। रिक्त पदों को नहीं भरे जाने से शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।

कई विद्यालयों का नहीं हो पाया एकीकरण
जिले भर में विद्यालयों के एकीकरण और समायोजन का प्रस्ताव भेजा गया था। एकीकरण के अंतर्गत एक ही क्षेत्र में स्थित प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों को एक ही परिसर में चलाया जाना था। इससे एक ही जगह पर कम संसाधनों के साथ भी शैक्षणिक कार्य किया जा सकता था। लेकिन प्रस्तावों को आज तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।

जिले के इन ब्लॉक में एकल अध्यापक
ब्लॉक               संख्या
हवालबाग            32
भिकियासैंण         35
चौखुटिया            22
स्याल्दे                46
सल्ट                  25
लमगड़ा             24
द्वाराहाट             27
ताड़ीखेत            29
भैंसियाछाना       14
ताकुला              13
धौलादेवी            43


जिले में 310 विद्यालयों में एकल शिक्षक तैनात हैं। शिक्षकों की नियुक्तियां शासन और निदेशालय स्तर पर होती है। शिक्षक मिलते ही विद्यालयों में नियुक्तियां की जाएगी।
-अत्रेश सयाना, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अल्मोड़ा।