Kanpur: आईसक्रीम गोदाम में पड़ा मिला कर्मचारी का शव, फैली सनसनी, परिजनों ने जताई यह आशंका...

Kanpur: आईसक्रीम गोदाम में पड़ा मिला कर्मचारी का शव, फैली सनसनी, परिजनों ने जताई यह आशंका...

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में आईसक्रीम गोदाम में एक कर्मचारी का शव पड़ा मिला। जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच कर घटना के साक्ष्य एकत्र किए। 
  
कानपुर देहात के बड़ा गांव खेजड़ी निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ डब्बू आईसक्रीम का ठेला लगाता था। वह आईसक्रीम के गोदाम में ही सोता था। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब का लती था। चार दिन पहले भी वह घर से झगड़कर वापस गोदाम चला गया था। गोदाम मालिक सनिगवां निवासी आमिर रविवार रात करीब साढ़े दस बजे घर चले गए थे। 

गोदाम में धर्मेंद्र के अलावा उसका साथी था। साथी के जाने के बाद धर्मेंद्र ने अंदर दरवाजा बंद कर लिया। सोमवार सुबह जब गोदाम मालिक पहुंचा तो खटखटाने के बाद भी धर्मेंद्र ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखने पर उसका शव पड़ा मिला। जिसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और मृतक के परिजनों को सूचित किया। वहीं पुलिस ने गोदाम के सामने लगे फुटेज देखे तो धर्मेंद्र फुटेज में देर रात 12 बजे से एक बजे तक टहलता दिखा। 

इसके बाद साथी के जाने के बाद वह अंदर चला गया। इस बीच कोई भी गोदाम में जाता नहीं कैद हुआ है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि फुटेज में गोदाम में कोई आता-जाता नहीं दिखा है। परिजनों ने बताया कि वह शराब का लती था। आशंका है कि शराब पीने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों ने भी अभी तक कोई आरोप नहीं लगाए हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, बोली- प्रेमजाल में फंसाकर की शादी, फिर किया दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का बना रहा दबाव