Fatehpur: पूर्व प्रधान के बेटे को भाजपा नेत्री के भतीजे ने मारी गोली; हालत गंभीर, कानपुर रेफर, तीन राउंड फायर झोंककर भागे हमलावर

Fatehpur: पूर्व प्रधान के बेटे को भाजपा नेत्री के भतीजे ने मारी गोली; हालत गंभीर, कानपुर रेफर, तीन राउंड फायर झोंककर भागे हमलावर

फतेहपुर, अमृत विचार। चौडगरा कस्बे में जमीनी विवाद की रंजिश में पूर्व प्रधान के पुत्र पर भाजपा नेत्री के भतीजे ने शनिवार दोपहर में रिवाल्वर से कई राउंड फायर किए। सीने में गोली लगने से युवक की हालत नाजुक है। घायल ने संघर्ष के दौरान रिवाल्वर भी आरोपी का छीन लिया। घायल को कानपुर रेफर किया है। गांव में तनाव का माहौल देखकर कई थानों का फोर्स तैनात है।

कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर चौडगरा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान लवकुश सिंह का पुत्र उदय प्रताप सिंह गौतम निर्माण कार्य की ठेकेदारी करता है। पूर्व प्रधान के पड़ोस में बीजेपी नेत्री गायत्री सिंह की गांव में ही ब्याही बहन पूनम सिंह पत्नी कल्लू सिंह का घर है। इनका पुत्र अनुराग सिंह है। पूर्व प्रधान की पत्नी सुलोचना ने बताया कि बड़ा बेटा उदय प्रताप दरवाजे पर दोपहर को बैठा था। 

वहीं, पीछे निर्माणाधीन मकान में छोटे बेटे अभय, मुरारी काम देखने गए थे। पति काम से शहर गए थे। अचानक पड़ोसी कल्लू का पुत्र अनुराग सिंह सेंगर रिवाल्वर दरवाजे पर पहुंचा। बेटे पर कई राउंड फायर किया। बेटे ने अनुराग का रिवाल्वर छीन लिया। घर से कुछ दूर खड़ी काली कार से अनुराग साथियों संग भाग निकला। कार में तीन अन्य लोग सवार थे। पूर्व प्रधान पक्ष से भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ अनुराग के परिजनों पर हमलावर हो गई। 

आरोपी के परिजनों ने खुद को घर में कैद कर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने अनुराग के परिजनों को सुरक्षित निकाला और थाने ले गई। पुलिस की जीप घेरकर आरोपी के परिजनों पर महिलाओं ने हमले का प्रयास किया। हमले के पीछे सहन की जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पूर्व प्रधान के भाई अर्जुन सिंह के दरवाजे पर निर्माण सामाग्री इकट्ठा है। पूर्व प्रधान, अर्जुन व आरोपी के घरों की दीवारें जुड़ी हैं। 

निर्माण को लेकर पक्षों के बीच कई दिनों से गहमागहमी का माहौल था। बिंदकी सीएचसी के डाक्टर धर्मेंद्र पटेल ने सीने में एक घाव बताया है। हालत नाजुक देखकर लवकुश को रेफर किया है। मौके पर कई थानों का फोर्स पहुंचा है। मामले में प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि गोली मारने की घटना हुई है। विवाद की जांच की जा रही है। रिवाल्वर पीड़ित पक्ष के पास है। तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

महीने भर पहले बीजेपी नेत्री का पुत्र जेल गया

शहर के गौतमनगर इलाके में लेनदेने के विवाद पर पिस्टल लहराकर फायरिंग के मामले में बीजेपी नेत्री गायत्री सिंह के पुत्र लखन सिंह समेत तीन को पुलिस  ने जेल भेजा था। मामले में पिस्टल समेत एक आरोपी फरार चल रहा है। कोतवाली पुलिस एसपी के सख्त आदेश के बाद भी उसकी तलाश में नाकाम है। गांव में क्षत्रिय बिरादरी के गौतम परिवारों का बाहुल्य है। 

आरोपी अनुराग सेंगर का परिवार मूल रूप से जालौन जिला के लिढ़उपुर गांव निवासी है। अनुराग के बाबा की हरसिंहपुर में ससुराल थी। यहीं संपत्ति मिलने पर बस गए थे। इसके बाद अनुराग के पिता कल्लू सेंगर की भी गौतम परिवार में शादी हो गई। कल्लू के दो बेटे अनुराग व छोटा बेटा आदित्य सिंह सेंगर है। गांव में गौतम परिवारों का वर्चस्व है।

यह भी पढ़ें- Health Tips: डायरिया को न समझें मामूली; हो सकता जानलेवा, डॉक्टर बोले- बारिश के मौसम में रहें सतर्क, इस तरह करें बचाव...