मानसून का आगाज : मूसलाधार बारिश से गलियों में भरने लगा पानी

मानसून का आगाज : मूसलाधार बारिश से गलियों में भरने लगा पानी

हरदोई, अमृत विचार। शुक्रवार की दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से शहर के सड़के और गालियां तालाब बन गई । इस बारिश ने जहां मौसम को सुहावना कर डाला तो वही बारिश के दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।      
   
शुक्रवार की सुबह से सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चला। दोपहर होने के बाद एकाएक आसमान पर बादलों ने अपना शिकंजा कसा तो सूरज देव बादलों की ओट में हो गए। फिर शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौरा। करीब एक घंटे से भी ज्यादा समय तक हुई झमाझम बारिश ने तन के साथ मन को भी भिगो डाला। लोगों ने जमकर इस बारिश का लुफ्त उठाया।

वहीं इस दौरान सड़कों पर खामोशी का मंजर पसर गया । दोपहिया वाहनों से लेकर चार पहिया वाहनों की रफ्तार थम गई। हालांकि इस बारिश के चलते शहर की गलियां तालाब के रूप में नजर आई । वहीं शहर के विभिन्न चौराहों पर भी जलभराव के हालात बने। इस बारिश का लुफ्त लोगों ने खुले भाग से लेकर छतों पर जाकर उठाया। झमाझम हुई बारिश से तापमान काफी नीचे आ गया और भीषण गर्मी और उमस से बिलबिलाए लोगों को राहत का एहसास हुआ।

तालाबों के पटने से शहर हुआ जलमग्न 

 शुक्रवार को शाम होते ही तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे झमाझम बारिश से पूरा शहर तालाब सा दिखाई देने लगा। शहर के बड़ा चौराहा, मुन्ने मियां, छोटा चौराहा, सदर बाजार, धर्मशाला रोड, नघेटा रोड, रेलवेगंज,  बोर्डिंग हाउस, सरायथोक, कन्हईपुरवा, आजाद नगर, सुभाष नगर, ब्रम्हपुरी, लक्ष्मीपुरवा सहित नगर के अधिकांश हिस्सों में पानी भर गया। घंटों मुख्य सड़कें व गलियां पानी से भरी रहीं। 

 बताते चलें कि नगर के अधिकांश तालाबों को भू माफियाओं ने पाट कर बेच दिया, जिस कारण बरसात का पानी कुछ ही देर में पूरे नगर में अपने आगोश में ले लेता है। भू माफियाओं ने मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा, सरायथोक पश्चिमी, सांडी रोड, अशराफ टोला सहित नगर के तमाम तालाबों को पाट कर प्लाटिंग कर दी है, जिसमें अब लोगों ने मकान बना लिए हैं। तालाबों के खत्म हो जाने से लगभग पूरा नगर जलमग्न हो जाता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले में 101 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। 

यह भी पढ़ेः Shri Jai Narayan Mishra PG College: "गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा एवं शोध को बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य"- प्रो. विनोद चंद्र