सुलतानपुर: नदी में डूबे तीन किशोरों का शव बरामद, खेलते-खेलते चले गए थे नदी में नहाने  

सुलतानपुर: नदी में डूबे तीन किशोरों का शव बरामद, खेलते-खेलते चले गए थे नदी में नहाने  

सुलतानपुर, अमृत विचार। गुरुवार की देर शाम नदी में नहाने के दौरान डूबे तीन किशोरों का शव शुक्रवार को बरामद किया गया। शुक्रवार की सुबह दो बच्चों के शव को ढूंढने में स्थानीय गोताखोरों ने सफलता पाई तो तीसरे बच्चे के शव को एसडीआरएफ टीम ने ढूंढ निकाला। बच्चों की मौत से जहां गांव में मातम पसरा है वही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मृत बच्चों के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुरुवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के पांचोपीरान कस्बे के फरहान, हसनैन, आबिद व रेहान खेलने निकले थे। खेलने के बाद बच्चे शाम को बगल से गुजरी गोमती नदी में नहाने चले गए। नहाने के दौरान ही चारों बच्चे नदी में डूबने लगे। किसी तरह पानी से निकल रेहान ने अन्य बच्चों के नदी में डूबने की जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन में पहुंचे परिजन व स्थानीय लोगों ने बच्चों को नदी में ढूंढने लगे। वही सूचना पर एसडीएम सदर ठाकुर प्रसाद, नगर कोतवाल श्री राम पांडेय भी पहुंच गए। अंधेरा होने के चलते स्थानीय लोगों को सफलता नहीं मिली, लेकिन रात 11 बजे तक लोग प्रयास में लगे रहे। इसौली विधायक ताहिर खान ने डीएम से बात कर एसडीआरएफ टीम बुलाने के लिए कहा। 

शुक्रवार की सुबह स्थानीय गोताखोरों को फरहान (12) पुत्र नूर आलम ऊर्फ झब्बू , हसनैन (11) पुत्र रुखसार निवासी बेचू खा का पुरवा का शव रेलवे पुल के समीप मिला, लेकिन आबिद को ढूंढने में स्थानीय लोग सफल नहीं हुए। अयोध्या से आई एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब 11 बजे आबिद (10) पुत्र इफ्तेखार निवासी गणेशपुर कैथौली थाना जयसिंहपुर का शव बरामद किया। नदी में डूबने से हुई तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। वहीं, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। नगर कोतवाल श्रीराम पांडेय ने बताया कि बच्चों के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। 

वर्जन- 
तीन बच्चों के नदी में डूबने से मौत की सूचना मिली है। पीएम रिपोर्ट व जांच पड़ताल के बाद शासन से मिलने वाली दैवीय आपदा के तहत सहायता राशि दिलाई जायेगी।- हृदय राम तिवारी, तहसीलदार सदर, सुलतानपुर 

ये भी पढ़ें -सम्मान निधि के लिए किसान रजिस्ट्री अनिवार्य हुई, जानिए क्या है लास्ट डेट