मुरादाबाद : दूसरे समुदाय के युवकों ने की महिला को अगवा करने की कोशिश, विरोध पर मां-बाप और भाई को मारी गोली

मामले में डीआईजी ने लिया संज्ञान, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, चार घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल में कराया भर्ती

मुरादाबाद : दूसरे समुदाय के युवकों ने की महिला को अगवा करने की कोशिश, विरोध पर मां-बाप और भाई को मारी गोली

मुरादाबाद, अमृत विचार। आधी रात को महिला का अपहरण करने गांव पहुंचे दूसरे समुदाय के युवकों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। दबंगों ने करीब 15 मिनट में तीन राउंड फायरिंग की। घटना से पूरी गांव में दहशत फैल गई। महिला के माता-पिता व भाई घायल हो गए। जिसमें भाई की हालत गंभीर है। चार घंटे बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने दो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं तीसरे का दिल्ली रोड स्थित टीएमयू में इलाज चल रहा है। डीआईजी मुनिराज जी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने उपचाराधीन घायलों का हाल भी जाना। महिला के पिता ने चार नामजद समेत छह के खिलाफ तहरीर दी है।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव शमदी शिवपुरी निवासी व्यक्ति ने बताया है कि, उनकी बेटी की शादी संभल निवासी युवक से हुई थी। करीब एक साल पहले दूसरे समुदाय का युवक ससुराल से उसे बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। इसके बाद उसके पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला को बरामद कर परिजनों को सौंप दी दिया था। तब से वह मायके में ही रह रही है। बाद में आरोपी भी जेल से जमानत पर छूट गया था। पीड़ित का कहना है बुधवार रात परिवार के सभी लोग सो रहे थे। रात के करीब दो बजे चार युवक उनके घर में घुस आए। उनकी बेटी को तमंचे के बल पर उठा लिया। महिला ने जब शोर मचाया तो उसके मां-बाप, भाई और बहन भी जाग गए। महिला को ले जाने की कोशिश की तो परिवार ने इसका विरोध किया तो युवकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। 

फायरिंग में महिला के माता-पिता और भाई घायल हो गया। महिला के भाई के सीने में गोली लगने से हालत गंभीर बताई जा रही है। गोलियों की आवाज सुन गांव के लोगों में दहशत फैल गई। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो वह जंगल की ओर भाग गए। मामले में संज्ञान लेते हुए डीआईजी मुनिराज जी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों का हाल जाना। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

चार घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के चार घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं महिला के भाई की हालत गंभीर होने से दिल्ली रोड स्थिति टीएमयू में उसका इलाज किया जा रहा है। घायल पिता ने बताया है कि उन्होंने चार आरोपियों की पहचान कर ली है। वहीं दरवाजे पर खड़े दो युवकों की पहचान नहीं हो सकी है।

दो नामजद समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, नामजद चार आरोपी पहले भी महिला को अगवा करने के मामले में शामिल थे। जिनकी पहचान नन्हे उर्फ अब्दुल, मुस्लिम उर्फ माहिर खान, आले हसन और सुलेमान के रूप में हुई है। जिनमें दो अज्ञात हैं। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

बुधवार देर रात मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव में कुछ युवकों ने घर में घुसकर महिला के अपहरण की कोशिश की। परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन पर गोलियां बरसा दी। जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। तीनों उपचाराधीन हैं। घटना में शामिल सभी आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।-मुनिराज जी, डीआईजी

 

ये भी पढ़ें : Moradabad News : बच्चों की परेशानी समझकर उनका हौसला बढ़ाएं अभिभावक, रहें सतर्क