बरेली: बारिश से लुढ़का पारा, कल से आएगा मानसून 

अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

बरेली:  बारिश से लुढ़का पारा, कल से आएगा मानसून 
जंक्शन पुलिस चौकी के पास बारिश के दौरान गुजरते लोग

बरेली, अमृत विचार। जिले में बारिश से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। शनिवार दोपहर में बारिश और बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया। हालांकि रात में तापमान बढ़ने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हुए। मौसम विभाग ने अब 24 जून से मानसून आने का अनुमान जताया है।

शनिवार को अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को बादल छाने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक वर्षा होने के आसार हैं लेकिन अभी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश के आसार रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं 27 जून से बारिश के बीच धूप निकल सकती है।

ये भी पढ़ें- बरेली: प्राइवेट बस ने मारी ई-रिक्शा को टक्कर, महिला समेत दो की मौत