मुरादाबाद : जीआईएस सर्वे में मनमानी पर एकजुट हुए पार्षद व महापौर, नोटिस निरस्त कर शासन को भेजेंगे पत्र

महानगर में पांच स्थानों पर जल्द पार्किंग निर्माण पूरा कराने पर जोर, ई रिक्शा के मनमाने संचालन पर लगेगी रोक, क्षमता तय करने को यातायात पुलिस से मिलकर बनेगी व्यवस्था

मुरादाबाद : जीआईएस सर्वे में मनमानी पर एकजुट हुए पार्षद व महापौर, नोटिस निरस्त कर शासन को भेजेंगे पत्र

पीलीकोठी स्थित शिविर कार्यालय में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल से बातचीत करते महापौर विनोद अग्रवाल व उपस्थित कार्यकारिणी के सदस्य व अधिकारी।

मुरादाबाद। पीलीकोठी स्थित शिविर कार्यालय में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक महापौर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में चल रही है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कार्यकारिणी की बैठक में एजेंडा की जानकारी दी। बैठक में महानगर में मनमाने तरीके से ई रिक्शा के संचालन पर रोक लगाने, उनकी संख्या निश्चित करने और उनसे लाइसेंस शुल्क व टैक्स वसूली करने पर सहमति बनी। खोखा धारकों से भी निगम प्रशासन कर वसूलेगा। 
पांच सौ नयी दुकानें बनाकर रेहड़ी पटरी वाले व्यापारियों को व्यवस्थित किया जाएगा। 

वहीं महानगर में यातायात व्यवस्था के लिए टाउनहाल, रामगंगा विहार  सहित पांच स्थान पर पार्किंग निर्माण जल्द कराने पर सहमति बनी। इसके साथ ही महानगर में अवैध निर्माण में एनओसी देने में नगर निगम के अधिकारियों को पारदर्शी व्यवस्था बनाने का निर्देश महापौर ने दिया। महानगर में मकान व व्यवसायिक निर्माण में सड़क, नाले पर अतिक्रमण होने न पाए इसे रोकने के लिए समय रहते नोटिस देने की मांग कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डा. गौरव श्रीवास्तव ने उठाई। नगर निगम की जमीनों पर हुए कब्जे को तत्काल हटवाने का निर्देश महापौर ने दिया। आवास आवंटन में मनमानी रोकने पर जोर दिया गया। नगर निगम से जारी फर्जी रसीद मामले में जांच कर कारवाई करने के लिए महापौर ने कहा।

जीआईएस सर्वे में गड़बड़ी की आशंका जताकर जारी नोटिस को तत्काल निरस्त करने की मांग कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डा. गौरव श्रीवास्तव ने मांग उठाई। महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन का काम जनता से जायज कर लेना है। नाजायज नहीं। निजी कंपनी के द्वारा सर्वे में मनमानी करने का आरोप कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने लगाया। इसके आधार पर जारी नोटिस को तत्काल निरस्त करने पर सर्वसम्मति बनी। स्वकर निर्धारण करने की मांग उपाध्यक्ष ने प्रस्ताव रखा। जिसे महापौर सहित सभी ने समर्थन किया।

इसे नगर आयुक्त के माध्यम से शासन को भेजने की सहमति बनी। सपा के पार्षद इकबाल अंसारी ने सभी के साथ एकसमान व्यवहार करने की मांग की। जिसका समर्थन सपा की पार्षद शीरीगुल ने किया। बैठक में कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डा. गौरव श्रीवास्तव, पार्षद शीरीगुल, कविता गुप्ता, इकबाल अंसारी, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, मुख्य अभियंता दिनेश सचान, वित्त एवं लेखाधिकारी एके मिश्र, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुनील दोहरे व अन्य मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : घर बैठे पैसा कमाइए... 200 करोड़ की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो और सदस्य गिरफ्तार