Farrukhabad: गंगा दशहरा पर लगा भीषण जाम...फंसकर गर्मी में लोग बिलबिलाए, महिला की मौत व दो की हालत गंभीर

फर्रुखाबाद में गंगा दशहरा पर लगे भीषण जाम में फंसे लोग गर्मी में बिलबिलाए

Farrukhabad: गंगा दशहरा पर लगा भीषण जाम...फंसकर गर्मी में लोग बिलबिलाए, महिला की मौत व दो की हालत गंभीर

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। गंगा दशहरा पर उमड़ी भक्तों की भीड़ की वजह से इटावा बरेली हाईवे पर भारी जाम लग गया। पारा:45 डिग्री पहुंचने पर जाम में फंसे कई लोगों की हालत बिगड़ गई। जिसमें एक महिला की गर्मी की वजह से मौत हो गई। जबकि दो का इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। 

बतातें चले कि गंगा दशहरा पर्व पर गंगा स्नार्थियों की उमड़ी भीड़ की वजह से पांचाल घाट पुल के दोनों तरफ तकरीबन 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस जाम में दूर दराज से आए लोग फंस गए। भयंकर गर्मी और आसमान से बरस रही आग की वजह से कई की हालत बिगड़ गई। 

जिनमें रानी चौहान (35)पत्नी बलवीर सिंह निवासी ज्युना कायमगंज की हालत बिगड़ गई। उनके पति बालवीर ने लोहिया अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन भारी जाम की वजह से वह लोहिया अस्पताल नहीं पहुंच सके। जैसे तैसे उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने रानी को मृत घोषित कर दिया है। 

रानी के पति बलवीर सिंह ने बताया कि वह मेरठ में नौकरी करता है। अपने बेटे वेदांत (5) और बेटी प्रिया (4) के साथ वह पड़ोसी जिला हरदोई के थाना व कस्बा लोनार में अपनी पत्नी के मायके दो दिन पहले ही आया हुआ था। यहां से वह आज गंगा स्नान करने पांचालघाट आ रहा था। उसकी पत्नी की हालत जाम में फंसने से बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। 

इसी तरह से बृजेश (36) निवासी पीपर गांव अपनी पत्नी के साथ गंगा स्नान करने आया था। गर्मी की वजह से जाम में फंसे बृजेश की भी हालत बिगड़ गई।उसे आनन-फानन लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। एक महिला गर्मी की वजह से बेहोश हो गई। जिसे ई-रिक्शा चालक ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार जारी है। 

जाम में फंसकर लोग प्यास की वजह से परेशान है। आसमान से बरस रही आग में बच्चे बूढ़े और मरीज जाम में फंसे हुए है। पुलिस जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। लेकिन यहां लगा भीषण जाम खुलने का नाम नहीं ले रहा है।लोगों का कहना है कि पारा 45 डिग्री पहुंच जाने के बाद भी खुले आसमान के नीचे सड़क पर खड़े लोगों का बुरा हाल हो रहा है। 

ये भी पढ़ें- Kanpur के क्राइम ब्रांच का दरोगा CM योगी की कर सकता हत्या...सिरफिरे ने X पर किया पोस्ट, गिरफ्तार, जानें- पूरा मामला