मोदी कैबिनेट 3.0 के विभागों का बंटवारा, किस नेता को कौन सा मिला मंत्रालय? देखें पूरी लिस्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने किया विभागों का बंटवारा, राजनाथ रक्षा और शाह गृह मंत्री बने रहेंगे

मोदी कैबिनेट 3.0 के विभागों का बंटवारा, किस नेता को कौन सा मिला मंत्रालय? देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को सभी नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। उन्होंने अपनी नयी मंत्रिपरिषद में वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, अमित शाह को गृह मंत्री, निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्री और एस जयशंकर को विदेश मंत्री के पद पर बरकरार रखा है।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए नए मंत्रियों में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि और किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास विभाग, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को स्वास्थ्य के साथ ही रसायन व उर्वरक विभाग और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को ऊर्जा विभाग दिया गया है। नितिन गडकरी सड़क परिवहन मंत्री, जबकि धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा मंत्री बने रहेंगे। किरेन रीजीजू को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय से संसदीय कार्य मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि अर्जुन राम मेघवाल कानून मंत्री बने रहेंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार सर्बानंद सोनोवाल पोत परिवहन मंत्रालय का जिम्मा संभालते रहेंगे। कैबिनेट मंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी को भारी उद्योग और इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है।

वहीं, जद (यू) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह को पंचायती राज और मत्स्यपालन, पशुपालन एवं दुग्ध मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री बनाया गया है।

पीयूष गोयल वाणिज्य और उद्योग मंत्री बने रहेंगे, जबकि पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए गए तेदेपा नेता राम मोहन नायडू को नागर विमानन मंत्रालय सौंपा गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के मंत्रालय में बदलाव करते हुए उन्हें संचार मंत्री बनाया गया है। उन्हें पूर्वोत्तर मामलों के मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछली सरकार में वह नागर विमानन मंत्री थे।

कैबिनेट मंत्री अश्विनी वैष्णव नए सूचना और प्रसारण मंत्री होंगे। इसके साथ ही वह रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। बता दें कि मोदी और 71 मंत्रियों ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी।  मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में कई मंत्रियों के विभागों को दोहराया गया है।

देखें लिस्ट

कैबिनेट मंत्रियों को मिले ये विभाग

  1. राजनाथ सिंह- रक्षा मंत्री
  2. अमित शाह- गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री
  3. नितिन जयराम गडकरी- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री
  4. जेपी नड्डा- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और रसायन और उर्वरक मंत्री
  5. शिवराज सिंह चौहान- कृषि और किसान कल्याण मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री
  6. निर्मला सीतारमण- वित्त मंत्री और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री
  7. डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर- विदेश मंत्री
  8.  मनोहर लाल- आवास और शहरी मामलों के मंत्री और बिजली मंत्री
  9. एच. डी. कुमारस्वामी- भारी उद्योग मंत्री और इस्पात मंत्री
  10.  पीयूष गोयल- वाणिज्य और उद्योग मंत्री
  11. धर्मेंद्र प्रधान- शिक्षा मंत्री
  12.  जीतन राम मांझी- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री
  13. राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह- पंचायती राज मंत्री तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री
  14. सर्बानंद सोनोवाल- बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री
  15. डॉ. वीरेंद्र कुमार- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
  16. किंजरापु राममोहन नायडू- नागरिक उड्डयन मंत्री
  17. प्रल्हाद जोशी- उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री
  18. जुएल ओराम- जनजातीय मामले मंत्री
  19. गिरिराज सिंह- वस्त्र मंत्री
  20. अश्विनी वैष्णव- रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री
  21. ज्योतिरादित्य एम। सिंधिया- संचार मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री
  22. भूपेंद्र यादव- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री
  23. गजेंद्र सिंह शेखावत- संस्कृति मंत्री तथा पर्यटन मंत्री
  24. अन्नपूर्णा देवी- महिला एवं बाल विकास मंत्री
  25. किरेन रिजिजू- संसदीय कार्य मंत्री तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्री
  26. हरदीप सिंह पुरी- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री
  27. डॉ. मनसुख मंडाविया- श्रम और रोजगार मंत्री और युवा मामले और खेल मंत्री
  28. जी. किशन रेड्डी- कोयला मंत्री और खान मंत्री
  29. चिराग पासवान- खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री
  30. सी. आर. पाटिल- जल शक्ति मंत्री

राज्य मंत्रियों को मिले ये विभाग

  • जितिन प्रसाद- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • श्रीपद येसो नाइक- ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • पंकज चौधरी- वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री
  • कृष्ण पाल- सहकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री।
  • रामदास अठावले- मंत्रालय में राज्य मंत्री

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को मिले ये विभाग

  1. राव इंद्रजीत सिंह- सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री।
  2. डॉ. जितेन्द्र सिंह- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय में राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग में राज्य मंत्री तथा अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री।
  3. अर्जुन राम मेघवाल- कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री।
  4. जाधव प्रतापराव गणपतराव- आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री।
  5. जयंत चौधरी- कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री।

ये भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट 3.0 का पहला फैसला, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ नए घर बनाए जाएंगे