बरेली: पन्ना प्रमुखों की मेहनत रंग लाई या सपा का 'वन बूथ 20 यूथ' का फार्मूला, कल हो जाएगा फैसला

बरेली: पन्ना प्रमुखों की मेहनत रंग लाई या सपा का 'वन बूथ 20 यूथ' का फार्मूला, कल हो जाएगा फैसला

बरेली, अमृत विचार: चुनाव के नतीजे यह भी तय करेंगे कि भाजपा के पन्ना प्रमुखों की मेहनत रंग लाई या सपा का वन बूथ 20 यूथ का फार्मूला कामयाब हुआ। हालांकि यह पहले ही साफ हो चुका है कि पार्टी हाईकमान के तमाम निर्देशों के बावजूद दोनों पार्टियों के ये लड़ाके मतदान प्रतिशत बढ़ाने में कामयाब नहीं हो सके।

भाजपा में पन्ना प्रमुखों और सपा में बूथ प्रभारियों को ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को बूथ तक लाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए चुनाव से पहले खूब बैठकों के साथ प्रशिक्षण भी हुए थे। समाजवादी पार्टी ने बूथों पर आठ हजार से ज्यादा कार्यकर्ता लगाए थे। इनमें जोन और सेक्टर प्रभारी के साथ प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी शामिल थे। 

सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के मुताबिक कैंट और शहर विधानसभा क्षेत्र के 797 के बूथों पर पार्टी के 15 हजार 940 युवा कार्यकर्ताओं के साथ पदाधिकारियों ने पार्टी के पक्ष में मतदान कराने का भरपूर प्रयास किया।

ईमानदारी से मतगणना हुई तो इसका परिणाम जरूर निकलेगा। भाजपा प्रवक्ता बंटी ठाकुर ने बताया कि शहर विधानसभा क्षेत्र में 431 और कैंट विधानसभा क्षेत्र में 366 बूथ हैं। इन पर 11 हजार से ज्यादा पन्ना प्रमुखों की तैनाती की गई थी। पन्ना प्रमुखों ने बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभाई।

यह भी पढ़ें- बरेली: यात्रियों को राहत...बीएस 6 बसें मिलीं, दिल्ली के आनंद विहार तक होगा संचालन

ताजा समाचार