मुरादाबाद : उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, फाल्ट व बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किल

जिला प्राधिकरण प्रबंधन ने दोपहर में लोगों को घरों से बाहर बहुत जरूरी होने पर निकलने की दी सलाह, सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था दुरुस्त करने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश

मुरादाबाद : उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, फाल्ट व बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किल

मुरादाबाद, अमृत विचार। जून के पहले दिन उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। दोपहर के बाद हल्के बादल छाए लेकिन गर्म हवा और लू से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की कमी रही। लेकिन उमस ने लोगों को बेचैन कर दिया।

पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था। शनिवार को भी सुबह तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने लोगों को व्याकुल कर दिया। सुबह 9 बजे 38 डिग्री तापमान हो गया। लेकिन दोपहर के बाद कई बार हल्के बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में शुक्रवार की तुलना में 2 डिग्री की कमी आई, यह 43 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि बुधवार से शुक्रवार तीनों दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान में कमी के बावजूद उमस ने बेचैन किया। शनिवार को आर्द्रता 19 प्रतिशत रही। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। दिन में छांव व पानी की तलाश में लोग भटके। बेजुबानों को भी पानी की तलाश रही। 

हालांकि सार्वजनिक प्याऊ का प्रबंध ठीक करने का निर्देश जिलाधिकारी ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों को दिया है। वहीं फाल्ट व बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ाई। आशियाना, विद्यानगर, हरथला व आसपास के कई मोहल्लों में रात में कई बार लोकल फाल्ट के चलते लोग गर्मी से व्याकुल हुए। आशियाना फेज एक में दो बार फाल्ट हुआ। रात में डेढ़ बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत पाई।

अगले कुछ दिनों में मौसम में राहत की थोड़ी उम्मीद जताई जा रही है। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर मौसम वैज्ञानिक आरके सिंह का कहना है कि दोपहर में लू से बचने की जरूरत है। प्री मानसून के लिए 12-14 जून का इंतजार करना होगा। कभी हल्की बारिश से फौरी राहत मिल सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने पर मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवा चलेगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डोमिनोज फ्रेंजाइजी की लापरवाही आई सामने, ग्राहक को वेज की जगह भेज दिया नॉनवेज पिज्जा...हंगामा