Bareilly News: अरबपति ऐरन ने पांच साल में दिया 2.47 करोड़ का आयकर

Bareilly News: अरबपति ऐरन ने पांच साल में दिया 2.47 करोड़ का आयकर

बरेली, अमृत विचार। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन अरबपति हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र के मुताबिक उनकी चल-अचल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 170 करोड़, 97 लाख 70 हजार 792 रुपये है। उन पर 23 लाख 60 हजार रुपये का कर्ज भी है। साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी के साथ उनके बैंक खातों में 75 लाख 42 हजार 240.67 रुपये की धनराशि है। 

शपथपत्र में ऐरन ने दावा किया है कि काफी समय पहले उन्होंने पॉश इलाकों में जो संपत्तियां लाखों में खरीदी थीं, सर्किल रेट बढ़ने के साथ उनका अनुमानित मूल्य अब करोड़ों में पहुंच गया है। वर्ष 2018 से 2023 के बीच उन्होंने दो करोड़ 47 लाख 68 हजार 132 रुपये का आयकर भी जमा किया है। ऐरन ने अपनी आय का स्रोत वकालत के परामर्श शुल्क, वाणिज्यिक भवनों का किराया और रियल एस्टेट कारोबार बताया है।

12 लाख की घड़ियां, चार लाख के चार पेन
प्रवीण सिंह ऐरन कीमती घड़ियां पहनने के शौकीन हैं और अक्सर उन्हें बदलते रहते हैं। उनके पास 12 लाख से भी ज्यादा कीमत की घड़ियां हैं। 16 साल पहले खरीदे गए 4 पेन हैं जिनकी कीमत चार लाख रुपये है।

विरासत में मिली 6.68 करोड़ की संपत्ति
प्रवीण सिंह ऐरन ने बताया है कि उनके पास दो ट्रैक्टर, एक बोलेरो और एक एनडिवर गाड़ी है। उन्हें विरासत में मिली संपत्ति का मूल्य छह करोड़ 68 लाख 31 हजार रुपये है। कुछ संपत्तियों पर राजनीतिक कारणों से विवाद है।

सुप्रिया ऐरन भी 11.87 करोड़ की मालिक
शपथपत्र के मुताबिक प्रवीण सिंह ऐरन की पत्नी सुप्रिया ऐरन के पास 2430 ग्राम सोना है जिसकी कीमत एक करोड़ 38 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। उनके पास 70 हजार रुपये कैश के साथ बैंक खाते में 26 लाख 28 हजार 278 रुपये हैं। सुप्रिया की कुल चल-अचल संपत्ति 11 करोड़ 87 लाख 3 हजार 879 रुपये की है। सुप्रिया पूरी तरह सामाजिक और राजनीतिक कार्यों में व्यस्त रहती हैं और पत्रकारिता भी करती हैं। शपथपत्र के अनुसार ऐरन दंपती की कुल चल-अचल संपत्ति 182 करोड़ 84 लाख 74 हजार 671 रुपये है।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: जज की कार रोकने के मामले में एसपी क्राइम को ड्यूटी से हटाया