Bareilly News: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- संदेश पार्टी का हिस्सा नहीं, कार्रवाई होगी

Bareilly News: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- संदेश पार्टी का हिस्सा नहीं, कार्रवाई होगी

बरेली, अमृत विचार। हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया को पार्टी में शामिल करने का मामला भाजपा नेताओं के गले में फंस गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है। 

अगर आपराधिक प्रवृत्ति के किसी व्यक्ति को पार्टी में शामिल किया गया है तो पार्टी कार्रवाई करेगी। प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद आंवला के भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने भी कहा है कि इस मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। पार्टी इस फैसले पर विचार करेगी।

भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस लोकसभा चुनाव में लगातार उत्तर प्रदेश से अपराधियों और माफिया के खात्मे का दावा कर पिछली सरकारों पर निशाना साध रहा है, दूसरी तरफ पिछले दिनों बरेली में आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और क्लस्टर प्रभारी सुरेश राणा समेत कई नेताओं की मौजूदगी में हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया को गुपचुप ढंग से पार्टी में शामिल कर लिया गया। 

संदेश कनौजिया पर अकेले बिथरी चैनपुर थाने में ही हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी जैसे संगीन मामलों के 21 से ज्यादा केस दर्ज हैं। आंवला के भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने संदेश को पार्टी में शामिल किए जाने की जानकारी होने से इन्कार कर दिया था।

राजनीति में काफी समय से सक्रिय संदेश कनौजिया को भाजपा नेताओं ने इससे पहले लखनऊ में सदस्यता दिलाने की योजना बनाई थी लेकिन प्रदेश के नेताओं ने इससे पार्टी के खिलाफ नकारात्मक संदेश जाने की बात कहते हुए इन्कार कर दिया था। 

अब प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने भी कहा है कि संदेश कनौजिया को भाजपा में शामिल करने का मामला उनकी जानकारी में नहीं है। बुलंदशहर में मीडिया के एक सवाल के जवाब में उन्होंने दोहराया कि पार्टी भ्रष्टाचार, बेईमानी, अराजकता और माफियातंत्र के खात्मे के अपने संकल्प पर कायम है। किसी हिस्ट्रीशीटर को पार्टी में शामिल किया गया है तो कार्रवाई होगी। संदेश पार्टी का हिस्सा नहीं है। आंवला भाजपा अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने कहा कि जानकारी जुटाई जा रही है। पार्टी इस पर विचार करेगी।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: 58 हजार छात्रों को अभी तक नहीं मिलीं NCERT की किताबें, अभिभावक परेशान