लखीमपुर खीरी: दो प्रेमी जोड़ों ने क्लेश हरण शिव मंदिर में रचाई शादी, थामा एक दूसरे का हाथ

पुरोहित ने किया मंत्रोच्चारण, एक दूसरे के हुए पवनजीत-खुशबू और अंजलि-विवेक

लखीमपुर खीरी: दो प्रेमी जोड़ों ने क्लेश हरण शिव मंदिर में रचाई शादी, थामा एक दूसरे का हाथ

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर से खुटार रोड पर पांच किमी दूर ग्राम अहमदनगर स्थित क्लेश हरण शिव मंदिर में दो प्रेमी युगल ने भगवान शिव को साक्षी मानकर एक दूसरे को जयमाला डालकर शादी रचाई। पुरोहित ने मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुतियां डलवाई।

विवेक कुमार पुत्र लालबिहारी तथा अंजलि राज पुत्री दिलीप कुमार दोनों एक ही गांव के, एक ही जाति, धर्म, समुदाय से ग्राम पंचायत रामपुर डाटपुर के मजरा पसियापुर के निवासी हैं। कई वर्षों से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अंजली राज ने बताया कि परिजन उसकी मर्जी के बिना किसी अन्य लड़के से उसकी शादी कराना चाह रहे थे। जानकारी मिलते ही वह अपनी मर्जी से विवेक के साथ आ गई और अहमदनगर स्थित क्लेश हरण शिव मंदिर में एक दूसरे को जयमाला डालकर भगवान शिव को साक्षी मानकर शादी कर एक दूसरे के साथ जन्मों जन्म रहने के वादा किया। 

अंजली राज ने बताया कि वह बालिग है, उसकी जन्मतिथि एक जनवरी 2005 है। उसकी हाईस्कूल की मार्कशीट, आधार कार्ड संसारपुर पुलिस चौकी में जमा हैं। विवेक ने कहा कि वह भी बालिग है। उसकी जन्मतिथि सात अगस्त 2003 है। बहुत सोच समझकर बिना किसी जोर दबाव के एक दूसरे से शादी कर जीवन पर्यंन्त एक दूसरे के साथ ही रहेंगे। 

वहीं दूसरे प्रेमी युगल ने भी अपनी शादी क्लेशहरण मंदिर में जयमाला डालकर पुरोहित बुलाकर मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ कर सात फेरे लिए। पवनजीत कुमार जन्मतिथि 15 जुलाई.1999 पुत्र पुसई निवासी ग्राम पहाड़पुर है। उसी गांव की खुशबू की जन्मतिथि दो अप्रैल 1999 पुत्री रामनरेश है। दोनों प्रेमी प्रेमिको ने क्लेशहरण शिव मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर एक दूसरे का जिंदगी भर साथ निभाने का वादा कर भगवान शिव को प्रसाद चढ़ाकर मिठाइयां बांटी।

प्रेमी युगल के शादी करने की जानकारी प्राप्त हुई है। लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। लड़की पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। दोनों ने अपनी मर्जी से अहमदनगर नगर के क्लेशहरण मंदिर में शादी कर ली है-मोहित पुंडीर चौकी प्रभारी संसारपुर, थाना मैलानी।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: आंगनबाड़ी वर्कर ने शारदा नहर में लगाई छलांग, शव बरामद