लखीमपुर खीरी: 'कांग्रेस हो जाएगी विलुप्त, सपा होगी समाप्त पार्टी', विपक्ष पर जमकर बरसे राजनाथ

भाजपा प्रत्याशी अजय मिश्र टेनी व रेखा वर्मा के लिए समर्थन मांगा

लखीमपुर खीरी: 'कांग्रेस हो जाएगी विलुप्त, सपा होगी समाप्त पार्टी', विपक्ष पर जमकर बरसे राजनाथ

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जिस तरह डायनसोर धरती से विलुप्त हो गया, उसी तरह कांग्रेस विलुप्त हो जाएगी। इस चुनाव के बाद यही हाल सपा का होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। हमने कहा था कि जिस दिन हमें संसद के दोनों सदनों हमें स्पष्ट बहुमत मिल जाएगा, उस दिन चुटकी बजाकर धारा 370 को खत्म कर देंगे। आप लोगों ने देखा कि धारा 370 खत्म हो गई।

रक्षा मंत्री ने बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी अजय मिश्र टेनी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने धौरहरा से प्रत्याशी रेखा वर्मा का भी समर्थन किया। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा हिंदुस्तान की अकेली ऐसी पार्टी है, जो कहती है, वही करती है। कांग्रेस और सपा के लोग भाजपा के लिए कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। श्रीराम कुटिया से निकलकर महल में पहुंच चुके हैं। देश में रामराज्य की शुरुआत हो चुकी है। 

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने चीन बार्डर पर सिर्फ इसलिए सड़क नहीं बनाई, क्योंकि उन्हें डर था कि चीन घुसपैठ कर देगा। भाजपा की सरकार में चीनी बार्डर पर सड़क बनकर तैयार हो गई है। हम विकास करा रहे हैं। यदि कोई चीन से घुसने की कोशिश करेगा तो उसे माकूल जवाब दिया जाएगा। कांग्रेस के कार्यकाल में हम मिसाइल, बम, हथियार सब दूसरे देशों से खरीदते थे। आज हमारी सेनाएं सशक्त हुई हैं। गोला-बारूद, मिसाइल, हथियार सब भारत में बन रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा प्रदेश होने के बाद इसे जिस ऊंचाई को हासिल करा देना चाहिए, उस ऊंचाई को नहीं हासिल कराया गया, लेकिन आज डंके की चोट पर गर्व से कहना चाहता हूं कि जबसे भाजपा की सरकार बनी, तबसे उत्तर प्रदेश का कद बढ़ा है। कानून और व्यवस्था चुस्त, दुरुस्त हुई हुई है। विकास के लिए जब ये सुनता हूं कि उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का बनने जा रहा है तो सीना चौड़ा हो जाता है।

सैम पिद्रोदा के बयान पर भी कांग्रेस को घेरा
रक्षा मंत्री ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अमेरिका के चेयरमैन सैम पिद्रोदा के बयान पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि सैम पिद्रोदा यहां पर कांग्रेस की सरकारों में सलाहकार रहे और आज भी कांग्रेस संगठन में हैं। उन्होंने (सैम पिद्रोदा) ने कहा कि अमेरिका में जिस प्रकार की व्यवस्था है, उसे भारत में लागू कर देना चाहिए। यदि परिवार में किसी मुखिया की मृत्यु हो जाती है तो संपत्ति में आधे से अधिक, 55 फीसदी सरकार के कब्जे में आ जाएगी और परिवार को 45 फीसदी संपत्ति ही मिलेगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या आपकों मंजूर है? इसके बाद कांग्रेस को सवालों में लेते हुए कहा कि ये लोग क्या करना चाहते हैं? ये देश को कहां ले जाना चाहते हैं? हम सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। ये लोग कब क्या कर दें, कुछ कहा नहीं जा सकता।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: मछली पकड़ रहे युवकों ने दंपती को जमकर पीटा, रिपोर्ट दर्ज