Mathura News: मंडप में बैठा था दूल्हा... फिल्मी स्टाइल में घुसे बदमाश और मार दी गोली, मची भगदड़

Mathura News: मंडप में बैठा था दूल्हा... फिल्मी स्टाइल में घुसे बदमाश और मार दी गोली, मची भगदड़

मथुरा, अमृत विचार। मथुरा में बरात चढ़त के दौरान दूल्हा मंडप में बैठा था। बदमाश फिल्मी स्टाइल में घुसे और उसे गोली मार दी। घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। 

तीर्थनगरी मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में बरात चढ़त के दौरान बदमाशों ने दूल्हे को गोली मार दी। गोली लगने से दूल्हा लहूलुहान होकर गिर गया। घटना से बरात में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को सीएचसी भेजा। हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। 

नौहझील थाना क्षेत्र के फरीदमपुर निवासी निरंजन ने बेटी सोनम की शादी अलीगढ़ में तय की थी। बरात पिसवा थाना क्षेत्र के दमुआका गांव से आई थी। गांव निवासी रेखपाल के पुत्र गौरव के साथ शादी तय हुई थी। बुधवार को दोनों की शादी थी। चारों ओर खुशी का माहौल था। निरंजन ने शादी का कार्यक्रम रायपुर मार्ग स्थित कृष्णा मैरिज होम में रखा। बरात चढ़त के दौरान पांच-छह बदमाश गाड़ी में आए। वह सीधे मैरिज होम में घुस आए।

दूल्हे ने बताया कि बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली उसकी जांघ में जा धंसी। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली लगी देख बरातियों में भगदड़ मच गई। सूचना पर इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया दूल्हे को मथुरा के लिए रेफर किया गया है। जांच की जा रही। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं- Mathura News: गृहक्लेश में विवाहिता बेटियों संग नदी में कूदी, तीन की मौत