Kanpur Crime: सगा ही दे रहा दगा… अपने ही बन रहे जान के दुश्मन, रिश्तों के कत्ल की कुछ वारदातें…

कानपुर में रिश्तों के कत्ल से शर्मसार होती मानवता

Kanpur Crime: सगा ही दे रहा दगा… अपने ही बन रहे जान के दुश्मन, रिश्तों के कत्ल की कुछ वारदातें…

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में रिश्तों के कत्ल से लगातार मानवता शर्मसार हो रही है। सगा ही अपनों के साथ दगा कर रहा है। जब घर में ही व्यक्ति सुरक्षित नहीं है तो कहां सुरक्षित रहेगा। यह बड़ा सवाल है। बदलते परिवेश में रिश्तों की विश्वसनीयता पर आंच आ रही है। उदाहरण के तौर पर ताजा मामला चकेरी थानाक्षेत्र के कांशीराम कालोनी का है। जहां सूदखोरों से तंग आकर रोज रोज होने वाली बेइज्जती के बाद पति ने पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद खुद को चाकुओं से वार कर मरणासन्न कर लिया। 

रिश्ते शर्मसार करने वाली कुछ घटनाएं :

केस-1 

नशेबाजी में पिता ने बेटे का चार्जर से घोंटा गला 

चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां निवासी नशेबाज गणेश निषाद ने अपने बेटे दीपक निषाद की मोबाइल के चार्जर से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्यारोपी ने मैच देखने के दौरान टीवी बंद कर दिया था बेटे ने विरोध किया तो वारदात कर दी। 

केस-2 

बेटी का चार्जर से पिता ने घोंटा था गला  

रावतपुर थानाक्षेत्र के राणाप्रतापनगर में 16 वर्षीय बेटी अर्चना के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता श्यामबहादुर ने बेटी की चार्जर तार से गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतका के मामा ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी थी। इस मामले में पुलिस आरोपी पिता को जेल भेज चुकी थी। जहां बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई थी।

केस-3 

पिता ने प्रेम प्रसंग में बेटी को मार डाला था 

कल्याणपुर थानाक्षेत्र के कश्यप नगर निवासी राधेश्याम गुप्ता ने प्रेम प्रसंग के चलते बेटी खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसके घर से 500 मीटर की दूरी पर प्रेमी हर्ष रहता था। दोनों का एक वर्ष से साल अफेयर चल रहा था। इसकी जानकारी पिता को लगी तो उसने बेटी की पिटाई करने के बाद गला घोट दिया था। आरोपी जेल में बंद है।
 
केस-4 

दो बेटियों की हत्या करने के बाद मां ने जान दी

घरेलू कलह में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के मकनपुर के खेरापति मंदिर के पास रहने वाली मनोज कुमार की पत्नी रागिनी सक्सेना ने अपनी दो बेटी अंशी और प्रियांशी की पहले हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी थी। 

केस-5 

बड़े भाई की पत्थर से कुचलकर हत्या 

ककवन थानाक्षेत्र में छोटे भाई भूरा ने अपने बड़े भाई कल्लू की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी। शव को रस्सी से घसीटते हुए गंगा नदी में फेंक दिया था। भूरा ने पकड़े जाने पर खुलासा किया था कि रोटी ना बनने पर हम दोनों का झगड़ा हुआ था। इसी में भाई की हत्या हो गई थी।

कांशीराम कालोनी में खौफनाक वारदात से हर कोई सन्न

चकेरी थानाक्षेत्र के कांशीराम कालोनी में हुई खौफनाक वारदात के बाद पुलिस से लेकर आसपास के लोग पूरी तरह से सन्न रह गए। पुलिस का कहना है कि सूदखोरों से तंग आने के बाद अर्जुन ने जिंदगी को खत्म करने में ही भलाई समझी। यही कारण रहा कि उसने पहले पत्नी और बच्ची की हत्या की इसके बाद खुद को धारदार चाकुओं से कई वार कर मरणासन्न कर लिया। दोहरे हत्याकांड की सूचना जैसे ही लोगों को हुई तो सनसनी फैल गई। दूर-दूर से लोग घटनास्थल के पास पहुंच गए। आस-पास घरों की छतों से चढ़कर लोग पुलिसिया कार्रवाई को देखते रहे। घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई।

ये भी पढ़ें- Kanpur Double Murder: कर्ज लेकर भरा था माल… सूदखोर कर रहे थे परेशान, पड़ोसी बोले- नहीं देखा कोई रिश्तेदार