सुलतानपुर: एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम... से गूंजा पूरा शहर, निकाली गई शोभायात्रा

सुलतानपुर: एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम... से गूंजा पूरा शहर, निकाली गई शोभायात्रा

सुलतानपुर, अमृत विचार। मंगलवार को दिन में 12 बजे थे। पूरा शहर भगवामय। जगह-जगह केसरियां पताका लहरा रहा है। लोगों में उल्लास। उत्साह से लवरेज मातृ शक्ति। करीब तीन घंटें और पांच किमी तक एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम के उत्साही नारों से शहर गूंज रहा था। मौका था राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पहले शहर में निकाली गई विशाल शोभायात्रा की।

स्वतः स्फूर्त  हिंदू समाज 22 जनवरी को श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व विशाल शोभायात्रा में सम्मिलित हुआ। शोभायात्रा इतनी विशाल थी कि उसका आरंभिक सिरा जिला अस्पताल और अंतिम सिरा गुरुद्वारे के पास था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि स्वतः स्फूर्त समग्र हिंदू समाज सड़क पर आ गया है।

क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग, ठंड की परवाह किसी को नहीं थी। 500 वर्षों के संघर्ष के उपरांत और तीन लाख लोगों के बलिदान के उपरांत होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्व होने वाली शोभायात्रा में मातृशक्ति सबसे आगे थी। गायत्री परिवार से जुड़ी हुई मातृ शक्ति एवं पुरुष शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं एवं छात्र अपने अभिभावकों के साथ शोभायात्रा में सम्मिलित थे।

गोमती मित्र मंडल, पतंजलि परिवार भी शोभायात्रा सम्मिलित थे। हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों के लोग अपनी उपस्थिति से यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। जिले के विभिन्न कोने से आए हुए साधु संत यात्रा में उपस्थित थे। जो लोग यात्रा में सम्मिलित नहीं थे, वह अपने छतों से पुष्प वर्षा कर अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे थे। यात्रा का मुख्य आकर्षण यात्रा में सम्मिलित झांकियां और बच्चों द्वारा बजाया जा रहा बैंड था। यात्रा का आरंभ भगवान श्री राम के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ।

 

संघ के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण लाखों लोगों के बलिदान के उपरांत आया है। हम सभी सौभाग्यशाली है जो इस क्षण के साक्षी हैं।  भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से समस्त हिंदू समाज में अपार उत्साह और प्रसन्नता है। मंदिर निर्माण के लिए तमाम आहुतियां आज सफल हुई है। राम के प्रति समर्पण की आस्था आज दृष्टिगत हो रहा है। विभाग प्रचारक प्रकाश  एवं जिला प्रचारक आशीष यात्रा के हर आयाम पर अपनी दृष्टि बनाए हुए थे।

मौके पर विभाग संघ चालक डा. एके सिंह, डा. एके सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र मिश्र, इसौली के भाजपा प्रत्याशी रहे ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, डा. बीणा पांडेय, प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय, पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, आशीष पांडेय सनी, राज कुमार सोनी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह,डा. सुधाकर सिंह, मदन सिंह, दिनकर सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विजय सिंह रघुवंशी समेत अन्य रहे। 

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: नर्वदेश्वर सिंह की पुण्यतिथि पर प्रतिभाओं का सम्मान, संस्थान के प्रबंधक और वक्ताओं ने रखे विचार