रुद्रपुर: रुद्रपुर से कानपुर, पुरनपुर और कोटद्वार के चलेंगी बसें

बीरेन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर, अमृत विचार। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो जल्द ही रुद्रपुर डिपो से उत्तर प्रदेश के कानपुर और पुरनपुर शहर के साथ ही उत्तराखंड के कोटद्वार शहर के लिए परिवहन निगम की बसें संचालित होने लगेंगी। इससे इस मार्ग पर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने लगेगी और डिपो के राजस्व में भी वृद्धि होगी। डिपो प्रबंधन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही प्रस्ताव देहरादून मुख्यालय को भेजा जाएगा।
दरसअल, रुद्रपुर डिपो से बरेली, लखनऊ, आगरा, पंजाब समेत उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार समेत विभिन्न मांर्गों में बसों को संचालन होता है। लेकिन डिपो से अभी तक उत्तर प्रदेश के कानपुर और पूरनपुर के लिए बसों का संचालन नहीं होता था। सिर्फ उत्तर प्रदेश के बलिया तक ही बसों का अभी तक संचालन हो रहा था। अब पुरनपुर तक बसों का संचालन होगा। कारण इस रूट पर नेपाली यात्रियों की संख्या अधिक होने से अब डिपो प्रबंधन ने इन मार्गों पर भी बसें संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
डिपो प्रबंधन ने बकायदा इसका प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है। जल्द ही प्रस्ताव देहरादून मुख्यालय को भेजा जाएगा। डिपो प्रबंधन के अनुसार मुख्यालय से प्रस्ताव के स्वीकृत होते ही इन मार्गों पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके बाद इस रूट पर जाने वाले यात्रियों को दूसरी बसों का सहारा भी नहीं लेना पड़ेगा। साथ ही डिपो की आय में भी वृद्धि होगी।
इनकम कम देने पर अंडरटेकिंग की तीन बसें हुईं कम
रुद्रपुर। रुद्रपुर डिपो के बस बेड़े में अभी तक विभिन्न मार्गों की 87 बसें शामिल थी। इसमें परिवहन निगम की 42 और अंडरटेकिंग की 45 बसें शामिल थी। इस बीच आय कम होने पर तीन बसों के स्वामियों ने बसें चलाने से इनकार कर दिया है और दो दिन पहले अपनी बसों को निगम से वापस ले लिया है। इसके चलते निगम में अंडरटेकिंग की बसों की संख्या 45 से घटकर 42 हो गयी है।
लाइफ पूरी कर चुकी अंडरटेकिंग की 10 बसों की होगी नीलामी
रुद्रपुर। रुद्रपुर डिपो से उत्तर प्रदेश के बरेली, मुरादाबाद और उत्तराखंड में काशीपुर और टनकपुर मार्ग पर संचालित होने वाली अंडरटेकिंग 10 बसों की जल्द नीलामी होगी। कारण ये बसें या तो 10 साल या फिर 10 लाख किमी. का सफर तय कर अपनी लाइफ पूरी कर चुकी हैं।
रुद्रपुर डिपो से उत्तर प्रदेश के कानपुर और पुरनपुर शहर के साथ ही उत्तराखंड के कोटद्वार शहर के बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार हो चुका है। जल्द ही प्रस्ताव देहरादून मुख्यालय को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही इन मार्गों पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
-पीएस राणा, सहायक महाप्रबंधक, रुद्रपुर डिपो