नैनीताल जिले में बेरोजगारों की संख्या 78 हजार के पार..

संतोष बोरा, नैनीताल, अमृत विचार। जनपद में बेरोजगारी का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। हालत यह है कि जिले में वर्ष 2023 में बेरोजगारों की संख्या 78 हजार से अधिक हो गई है। वर्ष 2017-18 में नैनीताल के सेवायोजन कार्यालय में 14098 युवाओं ने बतौर बेरोजगार पंजीकरण कराया था। वर्तमान में यह संख्या 78900 हो चुकी है।
जनपद में बेरोजगारों को प्राइवेट सेक्टर्स में रोजगार दिलाने के लिए सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इनमें से अधिकांश मेलों में केवल उन्हीं युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है जिनका विभाग में पंजीकरण हो। नैनीताल के सेवायोजन कार्यालय में 2020-21 में सर्वाधिक 18687 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। हालांकि, 2021-22 में कमी के साथ ये आंकड़ा 8783 दर्ज हुआ। 2022-23 में फिर बढ़ते हुए नैनीताल के सेवायोजन कार्यालय में बेरोजगारों की संख्या 10541 दर्ज की गई थी। लेकिन, इधर अक्टूबर 2023 के ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो 78936 युवा बेरोजगारों के तौर पर पंजीकृत हैं।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हर साल रोजगार मेले आयोजित होते हैं। हाल ही में 25 सितंबर को नैनीताल में भी मेले का आयोजन किया गया था। जिसमें मात्र 458 युवा पहुंचे। जल्द ही सेवायोजन कार्यालय की ओर से जनपद के अति दुर्गम क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों में 10 और 12 पास कर चुके विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा।
-शंकर बोरा, सेवायोजन अधिकारी नैनीताल