अयोध्या में शुरू हुई फिल्मी रामलीला, रावण मोह व नारद प्रसंग का हुआ मंचन

अयोध्या में शुरू हुई फिल्मी रामलीला, रावण मोह व नारद प्रसंग का हुआ मंचन

अयोध्या। अयोध्या के सरयू तट स्थित रामकथा पार्क में शनिवार शाम फिल्मी सितारों की रामलीला का विधि विधान पूर्वक पूजन-अर्चन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। हनुमान गढ़ी के पुजारी राजू दास और कल्पात्री महाराज ने मंच पूजन किया। इसके बाद गणेश वंदना की गई। पहले दिन वेदमती की तपस्या में रावण मोह और नारद के प्रसंग का मंचन हुआ। इसमें फिल्म अभिनेत्री भाग्य श्री ने देवमती और अभिनेता गिरजा शंकर ने रावण का किरदार निभाया। इस दौरान अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सेटेलाइट चैनल पर लाइव प्रसारण का उद्घाटन किया।

अयोध्या की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि आज अयोध्या की रामलीला के चार वर्ष पूरे हो गए हैं। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक दूरदर्शन  पर और 70 से ज्यादा सेटलाइट चैनल के प्लेट फार्म पर अयोध्या की रामलीला का लाइव किया जा रहा है। इस दौरान अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, नगर आयुक्त विशाल सिंह, अपर आयुक्त अरुण कुमार,अयोध्या की रामलीला के  उपाध्यक्ष करण शर्मा, प्रदीप अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, चेयरमैन राकेश बिंदल,वाईस प्रेजिडेंट संजय अग्रवाल,  पीयूष और आयुष आदि मौजूद थे।

अयोध्या को देखना चाहते हैं दुनिया भर के लोग : भाग्यश्री

फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री ने कहा कि अयोध्या में रामलला के मंदिर का निर्माण हो रहा है। ये भव्य नगरी बनने जा रही है। जिसे दुनिया भर से लोग देखना चाहते हैं। इसके लिए वो यहां आएंगे भी। फिल्म जगत में भी लोगों के अंदर अयोध्या के प्रति एक अलग आस्था है। मेरी भी इच्छा है कि सालों साल मैं यहां पर आ जाऊं। उन्होंने कहा कि इस बार रामलीला में देवमती की भूमिका निभा रही हूं। इसके पहले रामलीला के अयोजन में माता सीता की भी भूमिका कर चुकी हूं।

रामलीला में किरदार निभाकर बहुत अच्छा लग रहा है। आज हमें अयोध्या आते ही रामलला के दर्शन भी हो गए है। हनुमान गढ़ी में भी दर्शन किए। आज की फिल्मों में बहुत से सीन यूपी व बिहार के होते हैं। रामलीला में रावण की भूमिका निभा रहे गिरजा शंकर ने कहा कि बीते वर्ष अयोध्या की रामलीला में महाराजा दशरथ की भूमिका निभाई थी। इस बार अति विद्वान पंडित रावण की भूमिका निभाने का अवसर मिला है। कहा कि इस रामलीला में प्रत्येक वर्ष कलाकार बदलते रहे है। इसकी भव्यता और बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-4 का हुआ शुभारम्भ, पुलिस लाइन से निकाली गई जन-जागरुकता रैली