अयोध्या: प्रदेश के 52 मंत्रियों की बायोग्राफी लिख मृगेंद्र ने गढ़ा कीर्तिमान

अयोध्या: प्रदेश के 52 मंत्रियों की बायोग्राफी लिख मृगेंद्र ने गढ़ा कीर्तिमान

अयोध्या/अमृत विचार। रामनगरी के 16 वर्षीय मृगेंद्र राज पांडेय ने एक और नया कीर्तिमान रच दिया है। इस असाधारण प्रतिभाशाली बालक ने मात्र एक वर्ष में ही उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद के समस्त 52 मंत्रियों की बायोग्राफी लिख डाली है। प्रतिष्ठित संस्था गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने लंबी प्रक्रिया के उपरांत मृगेंद्र की इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने हेतु अनुमोदित करके सर्टिफिकेट प्रदान किया है।
       
मृगेंद्र सबसे उम्र के कवि, देश की नदियों, महिला क्रांतिकारियों, रामायण के पात्रों पर पुस्तक लिखने के साथ ही तमाम शख्सियतों की बायोग्राफी लिखने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके हैं। मृगेंद्र की इस उपलब्धि पर लोगों में हर्ष व्याप्त है। राजनेता, उच्च पदस्थ प्रशासनिक अधिकारियों तथा विविध संभ्रांत जनों का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। अनेक टीवी चैनल के कार्यक्रम में महज 2 वर्ष की उम्र से ही विभिन्न विषयों के कठिनतम प्रश्नों का पलक झपकते उत्तर देने वाला मृगेंद्र अपनी प्रतिभा का लोहा अनेक बार मनवा चुका है। 

गनपत सहाय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज सुल्तानपुर में वनस्पति विज्ञान की प्रोफेसर माता डॉ. शक्ति पांडे व गोंडा में गन्ना विकास विभाग में सेवारत पिता राजेश पांडे का एकलौता पुत्र मृगेंद्र विविध विषयों पर अभी तक 300 से अधिक पुस्तकें लिख चुका है तथा कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बायोग्राफी लिखने वाले मृगेंद्र को राज्यपाल व कई मुख्यमंत्रियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें -जनसहभागिता से 2027 तक यूपी में 15 प्रतिशत होगा हरित क्षेत्र : CM योगी