मुरादाबाद में ढेला व अमरोहा में गंगा का जलस्तर बढ़ा, रामपुर में नदियां उफनाईं...संभल में बाढ़ से निपटने के किए इंतजाम

मुरादाबाद में ढेला व अमरोहा में गंगा का जलस्तर बढ़ा, रामपुर में नदियां उफनाईं...संभल में बाढ़ से निपटने के किए इंतजाम

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडल के पांचों जिलों में बारिश का दौर जारी है। बिजनौर में शनिवार को नदियों का जलस्तर सामान्य रहा। नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ से निपटने को जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग ने संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। लेखपाल, राजस्व कर्मी, पुलिस बल एवं सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर्स की चक्रीय क्रम में ड्यूटी लगाई गई है। रामपुर में शनिवार तक औसतन 70.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य से आठ मिमी कम है।

 नहर खंड के अधिशासी अधिकारी सियाराम ने बताया कि मानसून देर से आया। इसके बाद पांच, छह और सात जुलाई को अधिक बारिश हुई। तीन दिन से हो रही बारिश से नदियां उफना गई हैं। संभल के गुन्नौर क्षेत्र से गुजर रही गंगा में जलस्तर बढ़ने पर पांच गांवों में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर तैयारी की गई है। तहसीलदार दीपक चौधरी ने बताया कि 12 शरणार्थी केंद्र, एक प्लाटून पीएसी व एक कंपनी गोताखोरों का प्रबंध किया गया है। 

शनिवार को नरौरा बैराज से निचले स्तर पर 35320 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जबकि ऊपरी सतह पर 46312 क्यूसेक पानी बह रहा है। उधर, अमरोहा में भी तीन दिन से रुक-रुक बारिश हो रही है। गजरौला में गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है। शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने गंगा धाम तिगरी के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र और गंगा के कटान सहित अन्य जगहों का निरीक्षण किया। डीएम ने नाव में सवार होकर बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ जायजा लिया। कई जगह कटान देख अधिकारियों को रोकथाम के निर्देश दिए।

मुरादाबाद में बारिश की वजह से ढेला नदी का जलस्तर बढ़ गया है। करीब 12 घंटे से ढेला नदी का पानी मुरादाबाद-विवेकानंद पुल- काशीपुर रोड पर इस्लाम नगर, काफियाबाद के पास सड़क के ऊपर से बह रहा है। इसके अलावा 12 से अधिक गांवों में ढेला नदी का पानी घुस गया है। खेतों में करीब 2 से 3 फीट तक पानी है। 

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कांवड़ यात्रा...थाना स्टाफ के साथ 975 अतिरिक्त पुलिसकर्मी देंगे सुरक्षा, तीन लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान