हल्द्वानी: दो जिलों की पुलिस ने सिर्फ तेल फूंका, काम कुछ नहीं किया

हल्द्वानी: दो जिलों की पुलिस ने सिर्फ तेल फूंका, काम कुछ नहीं किया

हल्द्वानी, अमृत विचार। ऊधमसिंहनगर और चम्पावत जिले में तैनात स्पेशल महिला स्क्वाड ने काम के नाम पर स्कूटी दौड़ाई और सिर्फ तेल फूंका, जबकि कार्रवाई कुछ नहीं की। मंगलवार को जब आईजी डॉ.निलेश आनंद भरणे ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये काम की समीक्षा की तो मामला उजागर हुआ। उन्होंने न सिर्फ स्पेशल महिला स्क्वाड को फटकार लगाई, बल्कि काम में सुधार न होने पर स्कूटी वापस लेने की चेतावनी भी दे दी। 
 

कैंप कार्यालय में महिला हेल्प लाइन, महिला हेल्प डेस्क और एएचटीयू प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने पाया कि ऊधमसिंहनगर स्पेशल महिला स्क्वार्ड को 3 स्कूटी आवंटित हैं। जिन्हें वर्ष में 33 शिकायतें मिलीं और उनका मौके पर निस्तारण किया गया। जबिक चम्पावत में 1 स्कूटी और यहां की स्क्वाड ने एक भी कार्रवाई नहीं की।

आईजी ने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों जनपद कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। भविष्य मे समीक्षा किए जाने पर यदि स्थिति यही रही तो इनके वाहन उन्हें आवंटित कर दिए जाएंगे, जो अच्छा कार्य कर रहे हैं। जबकि 10 स्कूटी के साथ नैनीताल जिले को कुल 1652 शिकायतें मिलीं और 1603 शिकायतों का निस्तारण किया गया। आईजी ने एसएसपी नैनीताल को निर्देश दिए कि टीम को पुरुस्कृत किया जाए। अल्मोड़ा को 5 स्कूटी, पिथौरागढ़ को 3 स्कूटी है और कार्यवाही संतोषजनक है। 


गौरा शक्ति मॉड्यूल में पंजीकरण बढ़ाने को कहा
हल्द्वानी : आईजी ने कहा, गौरा शक्ति मॉड्यूल में अब तक कुमायूँ के जनपदों में 44307 पंजीकरण कर 30731 पंजीकरणकर्ताओं को कॉल की गई है और यह संतोषजनक है। उन्होंने भविष्य में पंजीकरण बढ़ाने को कहा। ऊधमसिंह नगर के महिला हेल्पलाइन काशीपुर में नियुक्त महिला आरक्षी निधि उपाध्याय ने आईजी को विस्तृत जानकारी दी। उक्त महिला आरक्षी को पुरुस्कृत करने के लिए आईजी ने एसएसपी ऊधमसिंहनगर को निर्देशित किया है।


कुमाऊं में 1 लाख से अधिक महिलाओं को दिया आत्म रक्षा का प्रशिक्षण
1- ऊधमसिंह नगर ने 290 कार्यक्रम कर 29179 को लाभान्वित किया
2- नैनीतल ने 491 कार्यक्रम कर 26604 को लाभान्वित किया
3- अल्मोड़ा ने 294 कार्यक्रम कर 14988 को लाभान्वित किया
4- पिथारौगढ ने 966 कार्यक्रम कर 1950 को लाभान्वित किया
5- बागेश्वर ने 394 कार्यक्रम कर 19617 को लाभान्वित किया
6- चम्पावत ने 136 कार्यक्रम कर 10230 को लाभान्वित किया 
7- कुमाऊं में 2571 जागरुकता कार्यक्रम कर 1,02568 को लाभान्वित किया


टूटने की कगार पर थे 1688 परिवार, बना रहा 573 दंपति का बंधन
हल्द्वानी : वीडियो कांफ्रेसिंग में सामने आया कि कुमाऊं में महिला हेल्प लाइन तक 1688 प्रकरण पहुंचे और 1315 का निस्तारण किया गया। 573 में आपसी समझौता हो गया। जबकि 89 मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई और 429 मामले न्यायालय से कार्यवाही व 138 में शिकायतकर्ताओं ने कोई कार्यवाही नहीं चाही। जबकि 86 मामले अन्य प्रकार से निस्तारित किए गए। जिलों की बात करें तो ऊधमसिंहनगर में 893 में 717 निस्तारित किए। नैनीताल में 529 में 377, अल्मोड़ा में 26 में 19, पिथौरागढ़ में 59 में 48, बागेश्वर में 97 में 78 और चम्पावत में 84 में 76 मामवे निस्तारित किए गए।


महिला हेल्प लाइन से पीछे नहीं महिला हेल्प डेस्क
हल्द्वानी : महिला हेल्प डेस्क, महिला हेल्प लाइन से पीछे नहीं है। कुमाऊं के थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क में इस वर्ष तक 5064 प्रकरण आए और 2739 निस्तारण हुआ। ऊधमसिंहनगर ने 1353 में 711, नैनीताल ने 1652 में 661, अल्मोड़ा ने 746 में से 630, पिथौरागढ़ ने 633 में से 401, बागेश्वर ने 110 में 67 और चम्पावत जिले में 570 में 269 प्रकरणों का महिला हेल्प डेस्क ने निस्तारण किया। 

आईजी ने दिए ये निर्देश 
1- महिला चीता और स्पेशल महिला स्क्वाड को “गौरा शक्ति चीता स्क्वार्ड” का नाम दिया जाए।
2- थानों में नियुक्त महिला एसआई एक बालिका/महिला, स्कूल/कालेज को गोद लेकर महिला अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी जाए।
3- उक्त योजन को “गौरा दीदी योजना” के नाम से चलाया जाए।
4- महिला हेल्प हेस्क आगन्तुक के बैठने, पानी, अखबार, कागज और पैन आदि की समुचित व्यवस्था करे। 
5- महिला हेल्प डेस्क में आगन्तुकों को शत-प्रतिशत री-सिविंग दे। 
6- एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट छापा, चेकिंग, सत्यापन की कार्यवाही अधिक से अधिक करे।