अयोध्या: उल्टी, दस्त और डायरिया के साथ जिले में बढ़ा बुखार का प्रकोप
CHC-PHC समेत निजी अस्पतालों में लगी मरीजों की भीड़

अमृत विचार, अयोध्या। बारिश के इंतजार में झुलस रहे लोगों को बीमारियों ने भी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। उल्टी दस्त के साथ मौसमी बुखार की चपेट में लोग आते जा रहे हैं। खासकर हीट स्ट्रोक के कारण मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। अकेले जिला अस्पताल में ही रोजाना उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बताया जाता है कि ओपीडी में रोजाना डेढ़ से दो सौ मरीज सामने आ रहे हैं। जबकि निजी अस्पतालों में इनकी संख्या और अधिक है।
गर्मी का प्रकोप लोगों के लिए संकट बनता जा रहा है। मौसम जनित बीमारियां तेजी से लोगों को अपने लपेटे में ले रहीं हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्ग इसकी गिरफ्त में आते जा रहे हैं। मंगलवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का रेला दिखाई दिया। यहां सर्वाधिक मरीज मौसमी बीमारी डायरिया और बुखार से ग्रसित पहुंचे। फिजीशियन के कमरे के आगे भीड़ का आलम यह रहा कि सुबह आठ बजे से लगी लाइन दोपहर दो बजे तक नहीं टूटी। एक तो गर्मी ऊपर से बला की उमस के कारण ओपीडी में ठहरना तक मुहाल रहा।
रानीबाजार से आए बुद्धिराम ने बताया कि दो दिन से बुखार आ रहा है मेडिकल स्टोर पर दवा ली थी। आराम नहीं मिला तो आज जिला अस्पताल आए हैं। पूराबाजार के रमेश चौरसिया अपनी पुत्री को लेकर पहुंच थे। उन्होंने बताया कि डायरिया के कारण भर्ती कराने लाए हैं। मसौधा की रामावती भी बुखार से पीड़ित होकर जिला अस्पताल इलाज के लिए पहुंची। दो घंटे के इंतजार के बाद उनका नम्बर आया। चिकित्सकों के अनुसार भीषण गर्मी के कारण उचित खान-पान न करने और बासी भोजन के सेवन से ज्यादा लोग बीमार हो रहे हैं। बुखार का प्रमुख कारण हीट स्ट्रोक है। धूप में बचकर निकलना चाहिए।
जिला अस्पताल की ओर से मिली सूचना के अनुसार रोजाना डेढ़ से दौर सौ मरीज आ रहे हैं। हालांकि भर्ती होने वालों की संख्या में अभी कोई इजाफा नहीं है। यह हाल तो अकेले जिला अस्पताल का है जबकि सीएचसी-पीएचसी में भी मौसम जनित बीमारी के शिकार लोग पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों और झोलाछाप के यहां जो इलाज करा रहे हैं वह अलग। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक बरसात नहीं होती तो उमस और गर्मी से बीमारी का प्रकोप बना रहेगा।
गर्मी का पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार
गर्मी का पारा रिकॉर्ड बनाने पर आमादा है। मंगलवार को तो अधिकतम तापमान 43.5 सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 26.5 सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 88 और न्यूनतम 25 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। हवा की गति 4.6 किलो प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी दिशा में चली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने एवं हवा की गति सामान्य से अधिक संभावना की संभावना है।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या: मंदिर के बगल गली में मिला बुजुर्ग का शव, नहीं हुई शिनाख्त